पुलिस को दी शिकायत में युवक ने बताया कि 25 मार्च को फेसबुक मैसेंजर पर रितिका नाम की महिला का मैसेज आया। चैट करने पर महिला ने नाम, उम्र, लंबाई और वजन के बारे में पूछा। इसके बाद उसे मोबाइल नंबर दिया और व्हाट्सएप कॉल करने के लिए कहा। फोन करने पर महिला ने उससे पूछा कि वह महिलाओं या फिर लड़कियों में से किसमें दिलचस्पी रखता है।
ऐसे सवाल करने के बाबत पूछे जाने पर रितिका ने कहा कि वह लड़कों को जिगोलो बनाती है। इसके एवज में उसे 13 से 15 हजार रुपये मिलेंगे। इसके बाद रितिका ने उसे कुछ लड़कियों के फोटो भेजे। युवक को झांसे में लेने के बाद महिला ने क्यूआर कोड भेजा और दो हजार रुपये जमा करवा लिए।
फिर एक महिला का नाम बताया और उससे पंजाबी बाग के एक होटल में मिलने की बात कही। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने क्यूआर कोड पर पैसे भेजने की कोशिश की, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद महिला ने उसे दूसरा नंबर दिया और पेटीएम करने के लिए कहा। इसके बाद महिला ने पहले कमीशन के 820 रुपये व सदस्यता के लिए 1000 रुपये जमा करने के लिए कहा।
युवक ने 1820 रुपये एक पेटीएम नंबर पर भेज दिए। इसके बाद महिला ने व्हाट्सएप की सारी चैट डिलीट कर दी। पीड़ित ने महिला से व्हाट्सएप के जरिये बात की और धोखा देने व ठगने का आरोप लगाया। इस पर महिला धमकाने लगी। ठगी का अहसास होने के बाद युवक ने पुलिस से शिकायत की।