मोदीनगर। नगर की संजयपुरी कॉलोनी में टक्कर मारने का विरोध करने पर ई-रिक्शा सवार दबंगों ने युवक को पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नगर की संजयपुरी कॉलोनी के रहने वाले सचिन ने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी गली में टहल रहा था। तभी लविश अपने साथियों को ई-रिक्शा में बैठाकर इधर उधर घूम रहा था। आरोप है कि लविश ने ई-रिक्शा तेजी से दौड़ाते हुए सचिन को टक्कर मार दी। सचिन ने विरोध किया तो आरोपियों ने सचिन को पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने सचिन को बचाने आए उसके भाई और पत्नी को भी नहीं छोड़ा। आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। लोगों के जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के अनुसार लवीश, चांद, संगम और दीपक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।