गाजियाबाद कोर्ट परिसर में चेकिंग करने पर तैश में आई एक महिला द्वारा महिला सिपाही सविता रानी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी को पकड़कर चौकी लाया गया तो उसने वहां भी हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों से हाथापाई की। महिला सिपाही की तहरीर पर कविनगर पुलिस ने भाटिया मोड़ सिहानी गेट निवासी फरजाना के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने व धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली है।
सविता रानी ने रिपोर्ट में कहा है कि वह शनिवार को सिपाही रूबी सिरोही व राजीव कुमार के साथ गेट नंबर-1 पर ड्यूटी कर रही थी। तभी तलाशी के दौरान आरोपी महिला ने अभद्रता व मारपीट शुरू कर दी। घटना दोपहर करीब 1.10 बजे की है। सीओ कविनगर अंशु जैन ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।