कविनगर थाने की पॉश कॉलोनी निवासी विवाहिता ने बताया कि उनकी शादी 3 दिसंबर को गौतमबुद्धनगर के युवक से परिवार की मौजूदगी में हुई थी। लग्जरी कार के अलावा उनके परिवार ने सभी सामान दिया, जिसमें करीब 40 लाख का खर्च हुआ। शादी के बाद पता चला कि पति, उसने परिवार के लोग व उनके यहां आने वाले रिश्तेदार मांस खाते हैं और उनकी महिलाएं भी शराब पीती हैं।
इसके लिए उनपर भी दबाव बनाया गया, लेकिन उन्होंने इसके लिए उनसे मना कर दिया। ससुरालियों ने दबाव बनाया कि हाई क्लास सोसायटियों में यह आम बात है। इसके बाद से पति पत्नी में विवाद शुरू हो गया। पति ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। उनकी अश्लील वीडियो, फोटो बनाकर रिश्तेदारों, परिचितों, दोस्तों को भेजनी शुरू कर दी। आपत्ति जताने पर मारपीट की जाने लगी। तनाव बढ़ने पर आरोपी उनको घर से निकालने को एकजुट हो गए।
कहने लगे कि दहेज कम आया है, इसलिए उनको अभी फॉर्च्यूनर लेकर आनी होगी। इसके असमर्थता जताने पर ससुरालियों ने उनको खूब पीटा और घर से निकाल दिया। समझौते के सभी रास्ते बंद होने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन पारिवारिक मामला बताकर निचले स्तर पर कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं था। अंत में उन्होंने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। इस बारे में एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जांच कराई जा रही है।