पाइप लाइन पर ईट भट्टे पर दुष्कर्म के आरोपी को पकडने पहुंची टीला मोड़ थाना पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस की घेराबंदी कर लोगों ने आरोपी को छुड़ा लिया और पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता कर मारपीट की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोग मौके से भाग गये। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर पांच नामजद समेत 40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है।
थाना टीला मोड़ में एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज है, शुक्रवार रात टीला मोड़ पुलिस आरोपी की लोकेशन पर मुरादनगर पाइप लाइन मार्ग पर बहादरपुर स्थित एक ईट भटटे पर पहुंची। दरोगा विजय कुमार पुलिस कर्मी सोनू बालियान, पुनीत, योगेंद्र, खुशबू बालियान समेत अन्य पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दुष्कर्म के आरोपी जितेंद्र नागर उर्फ जब्बार को पकड़ लिया।
पुलिस उसे पकड़कर ले जाने लगी तो उसने शोर मचा दिया कि पुलिस वाले मुझे पकड़कर ले जा रहे है। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और उन्होंने हाथों में ईट पत्थर व लाठी डंडे लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस की वर्दी देखकर भी लोग शांत नहीं हुए। बताया गया है कि लोगों ने पुलिस को करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस से अभद्रता करते मारपीट की।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंची, मौके से लोग फरार हो गये। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि बहादरपुर स्थित ईट भटटे पर टीला मोड थाने की पुलिस के साथ अभद्रता व मारपीट करने की सूचना मिली थी। दरोगा विजय कुमार की तहरीर पर जितेन्द्र नागर उर्फ जब्बार, हरीश नागर, कुलदीप नागर, अनुज नागर, सत्ते नागर निवासी अज्ञात व 35 से 40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है।
दुष्कर्म के आरोपी को लोगों ने छुड़ाया
बताया गया है कि जितेंद्र नागर पर टीला मोड़ थाना में 376, 506 व 120 बी के तहत रिपोर्ट दर्ज है। वह काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है। शुक्रवार रात को पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। लेकिन उसने स्थानीय लोगों को पुलिस के खिलाफ हंगामा करा दिया। स्थानीय लोगों ने दुष्कर्म के आरोपी को जबरन छुड़ा लिया।