दिल्ली-मेरठ हाईवे पर गंगनहर पुल के पास शनिवार दोपहर 15 छात्रों को लेकर मोदीनगर जा रही स्कूल वैन का पहिया निकल गया। पहिया एक खड़ी कार से जा टकराया। वैन काफी दूर तक घिसटती चली गई। पहिया निकलते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी बच्चे को चोट नहीं लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों के घर पहुंचने की व्यवस्था की। परिजनों को जैसे ही यह पता चला उनके होश उड़ गए। पुलिस ने वैन को कब्जे में ले लिया है।
आयुध निर्माणी परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय में मोदीनगर और आसपास के काफी छात्र पढ़ते हैं। विद्यालय की तरफ से छात्रों को लाने और ले जाने के लिए कोई ट्रांसपोर्ट व्यवस्था नहीं है। अभिभावकों ने अपने स्तर पर ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की है। शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे स्कूल की छुट्टी के बाद चालक वैन में छात्रों को लेकर मोदीनगर की ओर जा रहा था। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर गंगनहर यू-टर्न के पास वैन पहुंची तो उसका अगला पहिया निकल कर दूर खड़ी कार से जा टकराया। बताया कि गया पहिया करीब 100 मीटर दूर तक गया। वैन में कक्षा एक से लेकर दसवीं तक के छात्र सवार थे।
अंकल गाड़ी एक तरफ को चल रही है
गंगनहर के पास वैन पहुंची तो वह एक तरफ को चल रही थी, छात्रों ने चालक ऋषि निवासी गुरुद्वारा रोड मोदीनगर से कहा कि अंकल कार एक तरफ को चल रही है। कार रोककर चेक कर लो। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वैन में खराबी होने के कारण चालक ने उसे साइड में लगाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही उसका पहिया निकल गया। वैन में सीएनजी किट लगी थी।
छह सीट पर 15 छात्र
वैन में मानक से अधिक छात्रों को बैठा रखा था। छह सीट पर 15 छात्र बैठे थे। पुलिस ने इस पर आपत्ति जताई। पुलिस ने वैन मालिक से फोन करके छात्रों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था के लिए कहा। पुलिस ने वैन को कब्जे में ले लिया।
निजी वैन चल रही थी कॉमर्शियल में
एसओ सतीश कुमार का कहना है कि हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल पर मिली। वैन को कब्जे लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। जिस वैन में बच्चे सवार थे, उसका मॉडल 2010 का है। निजी वैन को चालक कॉमर्शियल में चला रहा था। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल की नहीं ट्रांसपोर्ट व्यवस्था
केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्या विजयपाल सिंह का कहना है कि स्कूल की तरफ से कोई ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था नहीं है। अभिभावक की बच्चों को स्कूल भेजने की जिम्मेदारी है। अभिभावक निजी ट्रांसपोर्ट से बच्चों को स्कूल भेजते हैं।
चार दिन पहले हुआ हादसा
चार दिन पहले मोदीनगर के दयावती मोदी पब्लिक स्कूल की बस में बैठे छात्र की मौत हो गई थी। छात्र ने खिड़की से सिर बाहर निकाला था। उसका सिर खंभे में लग गया था।
बच्चों ने घर किया फोन
वैन का पहिया जिस कार से टकराया वह जीडीए बोर्ड सदस्य व भाजपा नेता डॉ. केशव त्यागी के बेटे डॉ. विपुल त्यागी की है। विपुल ने ही पुलिस कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना दी थी। कार में बैठे केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र आर्यव्रत ने बताया कि वैन का पहिया निकलने की सूचना उन्होंने फोन से परिजनों को दी। परिजन बार-बार फोन कर बच्चों का हालचाल पूछ रहे थे।