फर्जी कॉलसेंटर खोलकर दस हजार रिटायर्ड कर्मचारियों और अधिकारियों से 100 करोड़ की ठगी के मामले में दूसरे राज्यों की पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस से संपर्क किया है। सोमवार को वेस्ट मुंबई पुलिस की टीम ठगी के आरोपियों से पूछताछ के लिए गाजियाबाद आई, जबकि ईस्ट मुंबई पुलिस भी एक मामले में पूछताछ के लिए पहुंचने वाली है।
सीओ इंदिरापुरम एवं साइबर सेल अभय कुमार मिश्र ने बताया कि मीडिया में खबरें प्रकाशित होने और ठगी के नंबरों को राज्यों और जिलों की पुलिस से साझा करने के बाद से कई राज्यों की पुलिस ने ठगी के संबंध में गाजियाबाद पुलिस से संपर्क किया है। सोमवार को 32 लाख रुपये की ठगी के मामले में वेस्ट मुंबई पुलिस साइबर सेल आई।
ईस्ट मुंबई पुलिस एक व्यक्ति से एक करोड़ 14 लाख रुपये की ठगी के मामले में वारंट लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई है। मुंबई पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। सीओ ने बताया कि मुंबई के कई ठगी के मामले सामने आए हैं।
ठगों ने कोलकाता निवासी एक व्यक्ति से 2.67 लाख रुपये और एक से दो लाख रुपये ठगे थे। तेलंगाना और गुजरात के थानों में भी आरोपियों के खिलाफ कई ठगी के मामले दर्ज हैं। दोनों राज्यों की पुलिस ने साइबर सेल गाजियाबाद से संपर्क किया है।