सोशल मीडिया पर पोस्ट से पता चला कि 29 मार्च को मुख्य आरक्षी मोहित कुमार टीला कस्बा चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस बीच उन्हें सड़क पर 10 रुपये का सिक्का पड़ा मिला। उन्होंने आसपास लोगों को सिक्का दिखाकर उसके बारे में पूछा लेकिन सभी ने मना कर दिया। वह सिक्के को टीलामोड़ थाने लेकर पहुंच गए।
कार्यालय में मुख्य आरक्षी मनोज त्यागी को सिक्का सुपुर्द कर दिया। इसके बाद जीडी में एंट्री कराकर सिक्के को मालखाने में रखकर तालाबंदी कराई। आरक्षी ने सिक्के की सुरक्षा के लिए संतरी पहरा से उसकी तस्दीकी भी कराई।
सोशल मीडिया पर तेजी से पोस्ट वायरल होने के बाद इसे डिलीट कर दिया गया। एसीपी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि पुलिसकर्मियों को गश्त के दौरान सड़क पर कोई लावारिस सामान मिलता है तो उसकी जांच पड़ताल के बाद थाने में लाकर सुपुर्द करना होता है। नियमानुसार सभी मामलों की जीडी एंट्री की जाती है।