कोविड को पूरे विश्व ने झेला, बेहतर प्रबंधन से हमने पाया काबू
सीएम ने कहा कि कोविड महामारी को पूरे विश्व ने झेला है। दूसरी लहर अधिक खतरनाक बताई गई, लेकिन समूचे प्रदेश में इसके लिए समुचित व्यवस्था थी। बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई। हर जगह की स्थिति का जायजा लिया। पहली व दूसरी लहर के दौरान गाजियाबाद भी आया था। तीसरी लहर चल रही है, लेकिन यह कम खतरनाक है। इससे निपटने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं। गाजियाबाद में 10 हजार से अधिक हैं।
डबल इंजन की सरकार ने लोगों को उपलब्ध कराई डबल डोज और गरीबों को डबल राशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, क्योंकि उन्होंने महामारी के दौरान वैक्सीन की दो डोज लोगों को लगवाए। डबल इंजन की सरकार ने गरीबों को डबल राशन उपलब्ध कराया तो लोगों को डबल डोज वैक्सीन। ऐसा पहली बार हुआ है जो किसी महामारी में वैक्सीन बनाई गई हो। इससे बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब पांच हजार पांच सौ से अधिक जगह पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सरकार कोविड को फैलने से रोकने के लिए जुटी हुई है। ठीक उसी तरह आम लोगों को भी इसे फैलने से रोकने के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करना चाहिए। सीएम ने कहा कि दुनिया में वैक्सीनेशन का सबसे बड़ा अभियान भारत में चल रहा है। कल तक 157 करोड़ डोज दिए जा चुके हैं और इसमें हमारे प्रदेश का बड़ा योगदान है। 57 करोड़ लोगों को प्रदेश में भी डोज लगाया जा चुका है।
गाजियाबाद में 98 फीसदी लोगों का टीकाकरण
गाजियाबाद में पहला डोज करीब 98 प्रतिशत लोगों को लगाया जा चुका है। 69 प्रतिशत लोगों को दूसरा डोज भी लगाया जा चुका है। 15 से 17 वर्ष के 1.17 लाख नवयुवकों का टीकाकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के खिलाफ कुछ लोगों ने दुष्प्रचार किया, लेकिन जिसने दुष्प्रचार किया उन्होंने भी स्वीकार किया कि भारत की वैक्सीन अच्छी है और अब वह चारों खाने चित्त हैं।
दूसरी लहर में हुई थी ऑक्सीजन की कमी, अब व्यवस्था पूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दूसरी लहर के दौरान और ऑक्सीजन का संकट देखने को मिला था, लेकिन एयरफोर्स के वायुयान और स्पेशल ट्रेनों के द्वारा लोगों की जान बचाने का प्रयास किया गया। आज भी 10000 से अधिक जांच प्रतिदिन गाजियाबाद में हो रही है। प्रदेश में 72000 निगरानी कमेटियां बनाई गई हैं। गांव में प्रधान और शहर में पार्षद अध्यक्ष हैं, जिनकी देखरेख में डोर टू डोर सर्वे किया जा रहा है। 23 जनवरी तक स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की व्यवस्था की भी प्रशंसा की।