गाजियाबाद। टीएचए और नोएडा की तरफ से गाजियाबाद आने-जाने वाले लोगों को 7 नवंबर से 31 दिसंबर तक भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। राजनगर एक्सटेंशन टू यूपी गेट 6 लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के चलते जीटी रोड से रेलवे लाइन तक हिंडन किनारे की रोड को सुबह-शाम सिर्फ साढे आठ घंटे के लिए ही यातायात के लिए खोला जाएगा।
जीडीए के अधिशासी अभियंता चक्रेश जैन ने मंगलवार को बताया कि सुबह 7 बजे से 10:30 बजे और शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक ही इस रोड पर यातायात चालू रहेगा, शेष समय रोड बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि हिंडन किनारे रोड के ऊपर से एलिवेटेड रोड गुजर रही है।
इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क से लेकर रेलवे लाइन तक पिलर गाड़ दिए गए हैं। अब सड़क के भारी हिस्से (सेगमेंट) को जमीन से उठाकर पिलर के ऊपर रखा जाएगा। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को बंद रखना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जीडीए की तरफ से जिला प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
बता दें कि टीएचए और नोएडा की तरफ से जीटी रोड पर आने-जाने के लिए रोजाना लाखों लोग इस सड़क से सफर करते हैं। इस सड़क के उक्त निर्धारित समय में बंद होने पर टीएचए से जीटी रोड पर आने के लिए लिंक रोड होते हुए मोहननगर चौराहा पार करना होगा।
इस रास्ते से जीटी रोड पर आने के लिए 5-6 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाना होगा वहीं इस रास्ते का भीषण जाम भी झेलना पड़ेगा। जीटी रोड, लिंक रोड और मोहन नगर चौराहे पर वाहनों का दबाव काफी बढ जाएगा।