गाजियाबाद। त्योहारों की वजह से सड़कों पर भीड़ है, जिससे जाम लग रहा है। जाम से निबटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने प्लानिंग तैयार की है, जिसके तहत 28 से 30 अक्तूबर तक जीटी रोड पर हैवी व्हीकल रात 11 बजे के बाद ही चलेंगे, जबकि अंबेडकर रोड पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
जाम से बचने के लिए लोग वाहनों को अस्थायी पार्किंग में खड़ा कर सकते हैं। अंबेडकर रोड पर नेहरू युवा केंद्र और जीटी रोड पर घंटाघर रामलीला ग्राउंड में अस्थायी पार्किंग बनाई गईं हैं। इनमें बाइक का किराया पांच रुपये और कार का किराया 10 रुपये है।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने अंबेडकर रोड पर सड़क के दोनों ओर पीली पट्टी खींची है, ताकि लोग इसके अंदर वाहन खड़ा करें। पुलिस लाउडस्पीकर से भी लोगों को पार्किंग और पीली पट्टी के अंदर वाहन खड़े करने की हिदायत दे रही है।
बता दें कि 28 को धनतेरस है और 30 को दिवाली। बाजारों में भीड़ है और सड़कों पर वाहनों की तादाद काफी बढ़ गई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि 28 से भारी वाहनों की नो एंट्री के समय को दो घंटे बढ़ाकर रात से नौ से 11 बजे कर दिया जाएगा। अभी ट्रैफिक सही चल रहा है, डायवर्जन करने का प्लान नहीं है। जरूरत पड़ी तो भारी वाहनों के लिए रूट में परिवर्तन किया जा सकता है।