‘साहब! मैं बकरीद के लिए एक बकरा पाल रही थी, लेकिन 10 दिन पहले उसे दो पड़ोसियों ने चोरी कर लिया है। मैं पुलिस चौकी भी गई थी, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।’ यह शिकायत रईसपुर की रहने वाली वरीसा ने शनिवार को कविनगर थाने में समाधान दिवस में की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वरीसा ने बताया कि उनका बेटा जमात में गया हुआ है। वह घर पर अकेली थी। उन्होंने दो साल पहले एक बकरा खरीदा था, जिसे इस बार कुर्बानी के लिए पाल रही थी। लेकिन पड़ोस में रहने वाले दो लोगों ने उसे दिन में ही चोरी कर लिया। इसकी जानकारी उन्हें आसपास के लोगों ने ही दी है। वह बकरा मांगने पड़ोसियों के पास गई तो उन्होंने चोरी से इंकार कर दिया। महिला को शक है कि उसके बकरे को चोरी कर आरोपियों ने अपने किसी रिश्तेदार के घर रखा हुआ, ताकि वह बकरीद पर उसकी कुर्बानी कर सकें।
महिला ने पड़ोसियों से बकरे को वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। समाधान दिवस में सुनवाई कर रहे दरोगा ने उन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शनिवार को कविनगर में समाधान दिवस में महज दो शिकायतें आईं। दूसरी शिकायत सेक्टर-23 निवासी सरताज अहमद ने की, जिसमें उन्होंने मकानों के सामने अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत की। बता दें कि समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। हर थाने में इक्का-दु्क्का फरियादी ही शिकायत लेकर आते हैं। उनमें भी अधिकांश इसी तरह की शिकायतें होती हैं।
समाधान दिवस पर नहीं, एसएसपी पर भरोसा
गाजियाबाद। लोगों का भरोसा समाधान दिवस से ज्यादा एसएसपी पर है। पिछले एक सप्ताह में पुलिस ऑफिस में एसएसपी के पास 87 शिकायतें आई हैं, जबकि समाधान दिवस में एक-दो शिकायतें ही आती हैं।
फरियादियों की कमी की वजह से अधिकारी भी समाधान दिवस में रुचि नहीं ले रहे हैं। वह भी दो घंटे बाद ही समाधान दिवस से चले जाते हैं, जो इक्का-दुक्का शिकायतें आती हैं, उन्हें थाने के दरोगा ही सुनते हैं। इस संबंध में पुलिस ऑफिस आए लोगों का कहना था कि समाधान दिवस में शिकायत करने के लिए शनिवार का इंतजार करना पड़ता है, जबकि एसएसपी या अन्य अफसरों के पास रविवार छोड़कर किसी भी दिन शिकायत की जा सकती है।
समाधान दिवस के दौरान मसूरी थाने में डीएम विमल कुमार शर्मा पहुंचे। उन्होंने थाने का निरीक्षण किया। करीब दस मिनट रुके और वापस लौट गए। इस दौरान वहां कोई फरियादी डीएम से नहीं मिला।
मोदीनगर, भोजपुर और निवाड़ी में समाधान दिवस आयोजित
मोदीनगर । एसएसपी ने शनिवार को भोजपुर और निवाड़ी थानों का निरीक्षण किया। वहीं एसडीएम और सीओ ने मोदीनगर, भोजपुर और निवाड़ी में आयोजित समाधान दिवस पर लोगों की शिकायतें सुनी और मौके पर ही निस्तारण कराया। एसएसपी के.एस इमेनूएल सबसे पहले थाना भोजपुर पहुंचे। उन्होंने वहां रिकार्ड रूम और कंप्यूटर रुम का निरीक्षण किया और अभिलेखों के सही रख रखाव के निर्देश दिए।
उसके बाद एसएसपी थाना भोजपुर पहुंचे और वहां रिकार्ड रुम में फाइलों का रखरखाव ठीक से न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उधर थाना दिवस पर निवाड़ी में एसडीएम अतुल कुमार,मोदीनगर में तहसीलदार कमलेश कुमार ने और भोजपुर में सीओ राजेश कुमार सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनी। इस मौके पर आईं अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।