जीटी रोड को सीवर ओवरफ्लो से निजात नहीं मिल रही है। आए दिन सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर भरा रहता है। इससे जीटी रोड से गुजरने वाले सैकड़ों वाहनों के साथ नजदीक स्थित आईमी कॉलेज के विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
जीटी रोड पर भरे रहने वाले सीवर के पानी से जाम की समस्या बनी रहती है। बारिश होने पर समस्या और बढ़ जाएगी। जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान नाले के पानी को गुजारने के लिए पाइप लाइन डालकर नाले के पानी को गुजारा गया। इस तरह सड़क का चौड़ीकरण किया गया।
कुछ ही दिनों में पाइप लाइन चोक हो गई और पानी ओवरफ्लो होकर जीटी रोड पर भरना शुरू हो गया। इस पाइप लाइन की सफाई भी नहीं होती है। अधिकारी दावे करते हैं मगर समाधान नहीं निकल पा रहा है।
वजीराबाद रोड, राजेंद्र नगर, गिरधर एंक्लेव, सत्यम एंक्लेव, शालीमार गार्डन, शहीद नगर. ट्रांसपोर्ट नगर, श्यामपार्क में रहने वालों को इससे सबसे ज्यादा परेशानी होती है। जलभराव से जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। आसपास की कालोनियों में पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर भर जाता है। लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
कई बार प्रदर्शन, समाधान नहीं
मुख्य रोड पर सीवर ओवरफ्लो के कारण इलाके में रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। पानी भरा रहने से सड़क टूटने लगी है। इससे हुए गड्ढे दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। इस बाबत रेजिडेंट्स और आईमी कॉलेज के छात्रों ने कई बार प्रदर्शन किया, पर अब तक समाधान नहीं हुआ है।
बोले लोग
1. जीटी रोड पर ओवरफ्लो होने से कालोनियों में भी पानी बैक करने लगता है। चार वर्ष से लगातार शिकायत की जा रही हैं पर केवल आश्वासन मिलता है। - टीआर पांडेय, श्यामपार्क एक्सटेंशन
2. जीडीए मशीन लगाकर सफाई की बात करता है। हालात एक दो दिन सही रहते हैं और फिर जलभराव हो जाता है। - अजय गौतम, राजेंद्र नगर
3. गर्मी बढ़ने से समस्या और बढ़ गई है। हालात ऐसे ही रहे तो महामारी फैल जाएगी। इस संबंध में कई बार नगर निगम को पत्र भेजा गया है। - देवेंद्र मलिक, राजेंद्रनगर
बोले अधिकारी
नगर निगम के सफाई निरीक्षक योगेंद्र यादव ने बताया कि नाले में बिछाई गई पाइप लाइन में कुछ जगहों पर मैनहोल नहीं बने है, जिससे वहां पर लाइन चोक हो जाती है। इस वजह से दिक्कत आ रही है। इस मामले में जीडीए से बात की गई है।