साहिबाबाद। अर्थला में रहने वाले लोग पिछले दो साल से जर्जर सड़कों पर आवागमन करने को मजबूर हैं। सीवर लाइन बिछाने के लिए करीब दो साल पहले सड़कों की खोदाई की गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके चलते स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों पर बने गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, खोदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइन से घरों में दूषित पानी पहुंचने की शिकायत भी सामने आ रही है।बारिश के दौरान सड़कों की स्थिति और भी खराब हो जाती है। बावजूद संबंधित विभाग की ओर से सड़कों की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब दो साल पहले क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था, जो पिछले साल पूरा हो गया। अभी तक सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़कों की मरम्मत कराने और पेयजल लाइन को दुरुस्त कर स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।