गाजियाबाद। दशहरा और दीपावली पर घर जाना है तो अभी से रिजर्वेशन करा लें। चार महीने पहले ही ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी मची है। दिल्ली से कानपुर, इलाहाबाद, पटना और मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ के अलावा दिल्ली से देहरादून मार्ग की अधिकांश ट्रेनों में दीपावली के आसपास सीटें फुल हैं।
हालांकि दीपावली से एक हफ्ते पहले की तारीखों में कुछ सीटें बाकी हैं। यदि आप चाहें तो इनमें कंफर्म टिकट मिल सकता है। बता दें कि इस बार दीपावली 30 अक्टूबर को है। बीते साल से ही ट्रेनों में रिजर्वेशन के नियम बदल गए थे। अब 60 दिन की बजाय ट्रेन चलने के 120 दिन पहले रिजर्वेशन हो रहा है।
ऐसे में जुलाई महीने में अक्तूबर 2016 तक के रिजर्वेशन शुरू हो गए हैं। दशहरा और दीपावली पर अपने पैतृक गांव जाने वाले लोगों ने अभी से रिजर्वेशन कराने शुरू कर दिए हैं। हालात यह हैं कि अधिकांश ट्रेनों में रिजर्वेशन शुरू होते ही वेटिंग लिस्ट बनने लगी है।
नई दिल्ली-रानीखेत एक्सप्रेस में तो 25 से 30 अक्तूबर तक थर्ड एसी श्रेणी में नो-रूम हो गया है। यानी अब इस ट्रेन में थर्ड एसी का टिकट नहीं मिलेगा। प्रयागराज एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस में 28 अक्तूबर को थर्ड एसी श्रेणी में नो रूम बन गया है।
दिल्ली से पूर्वोत्तर राज्यों में जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में दीपावली के आसपास की तारीखों में अब वेटिंग टिकट जारी हो रहे हैं। 25 अक्तूबर से पहले कुछ चुनिंदा ट्रेनों में 30 से 100 सीटें बची हैं। रिजर्वेशन कराने के लिए इसी तरह मारामारी मची रही तो जल्द ही यह सीटें भी फुल हो जाएंगी।
कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों में सीटों की स्थिति
वैशाली एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस में 27 से 29 अक्तूबर को वेटिंग 192 तक पहुंच गई है। थर्ड एसी में भी वोटिंग लिस्ट है। ऊंचाहार, फरक्का, कालिंदी एक्सप्रेस, मंडुवाडीह एक्सप्रेस में 27 से 29 अक्तूबर तक वेटिंग लिस्ट है। इन ट्रेनों में थर्ड एसी श्रेणी में भी सीटें खाली नहीं बची हैं।
अवध असम एक्सप्रेस, 25 से 30 अक्तूबर तक वेटिंग लिस्ट है। पद्मावत एक्सप्रेस 27 और 29 अक्तूबर को आरएससी कोटे की सीटें बची हैं, जबकि 28 अक्त्ूबर को प्रतीक्षा सूची का टिकट मिल रहा है। शहीद एक्सप्रेस में भी 25 से 28 तक वेटिंग लिस्ट बनी हैं।
लखनऊ मेल में 28 अक्तूबर का थर्ड एसी श्रेणी का टिकट मिलना बंद हो गया है। जबकि 26 से 29 अक्तूबर तक वेटिंग टिकट मिल रहे हैं। रानीखेत एक्सप्रेस में 25 से 30 अक्तूबर के बीच थर्ड एसी श्रेणी के टिकट मिलने बंद हो गए हैं।a