गाजियाबाद के नेकपुर गांव में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की चचेरी बहन ने पुलिस को फोन कर हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गाजियाबाद के नेकपुर गांव में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की चचेरी बहन ने पुलिस को फोन कर हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
विज्ञापन
गांव नेकपुर निवासी अब्दुल वहाब की 30 वर्षीय पत्नी साइना दो बच्चों की मां थी और आठ माह की गर्भवती थी। शुक्रवार देर रात अचानक उसे प्रसव पीड़ा हुई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली के जगतपुरी थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी निवासी मृतका की चचेरी बहन सिमरन ने पुलिस को फोन कर साइना की हत्या किए जाने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन काफी देर तक का शव का पोस्टमार्टम न कराने के लिए अड़े रहे । एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।