मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में तैयार हो चुके फ्लैटों पर जीडीए जल्द ही आवंटियों को कब्जा देगा। जीडीए वीसी कंचन वर्मा ने बृहस्पतिवार को आवासीय योजना में बन रहे अफोर्डेबल हाउस, एलआईजी, ईडब्ल्यूएस, बुनकर मार्ट और बहुमंजिला अपार्टमेंट का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधूरे फ्लैटों का निर्माण जल्द ही पूरा कराकर आवंटियों को कब्जा देने के निर्देश दिए। वहीं, खाली मकानों के लिए जल्द ही योजना लांच करने के निर्देश दिए। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वीसी अफसरों की टीम के साथ मधुबन-बापूधाम पहुंचीं। उन्होंने चीफ इंजीनियर एससी द्विवेदी से पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी ली।
मौके पर ही आवासीय योजना का नक्शा मंगाया और बारीकी से निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिन मकानों पर कब्जा दे दिया गया है वहां अनुरक्षण, मैनहोल कवर कराए जाएं। इसी बीच उन्होंने बुनकर मार्ट के अधूरे काम को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि बुनकर मार्ट को उपयोग प्रदर्शनी व हार्ट लगाने में किया जाएगा।
अवैध निर्माण पर वीसी सख्त, प्रवर्तन से मांगा डाटा
गाजियाबाद। शासन की सख्ती के बाद अब अवैध निर्माण पर जीडीए वीसी कंचन वर्मा सख्त हो गई हैं। उन्होंने प्रवर्तन विभाग के सभी जोन से पांच साल में हुए अवैध निर्माण और उन पर की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा है। माना जा रहा है कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले प्रवर्तन विभाग के इंजीनियरों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
जीडीए वीसी अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। इससे पहले बुधवार को स्वयं ही राजनगर, आरडीसी में अवैध निर्माण की शिकायत पर निरीक्षण करने पहुंच गई थी। उन्होंने मौके पर ही एक बिल्डिंग को सील करने के भी निर्देश दिए थे।
इसके एक दिन बाद ही उन्होंने प्रवर्तन विभाग से अवैध निर्माण का ब्यौरा मांगा है। प्रवर्तन जोन को यह डाटा जल्द से जल्द उपलब्ध कराना होगा। माना यह भी जा रहा है कि आने वाले दिनों में जीडीए की ओर से अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसा जाएगा और ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा सकती है।
जीडीए अफसरों का भी मानना है कि अगर अवैध निर्माण पर सख्ती होती है तो अथॉरिटी की इनकम भी बढ़ सकती है।