गाजियाबाद के चंद्रपुरी कॉलोनी में नवयुग मार्केट पुलिस चौकी से 200 मीटर की दूरी पर लकड़ी व्यापारी मुकेश गुप्ता के घर से दिन दहाड़े एक करोड़ रुपये की नकदी और गहने चोरी हो गए हैं। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। व्यापारी की पत्नी बेटी के साथ भैया दूज मनाने के लिए मेरठ गई थीं। सूचना के बाद एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मुकेश गुप्ता के परिवार में पत्नी संगीता, बेटा उमंग और बेटी पंखुरी हैं। उनका हापुड़ रोड पर मीनामल की धर्मशाला के पास बाबू राम रतन लाल कबाड़ी के नाम से लकड़ी का पुराना कारोबार है। उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार को सुबह करीब 11 बजे वह और उनका बेटा दुकान पर चले गए। जबकि पत्नी व बेटी भैया दूज मनाने मेरठ अपने मायके चली गई थीं।
दोपहर करीब 1 बजे वह घर पहुंचे तो बाहर और अंदर कमरे के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का भी ताला टूटा था। उन्होंने स्थानीय पार्षद राजीव शर्मा और पुलिस को घटना की सूचना दी। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि पीड़ित मुकेश ने चोरी हुए माल का ब्यौरा अभी नहीं दिया है। उन्होंने आंकलन करने के बाद माल की सूची देने की बात कही है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को जानकार का हाथ होने का अंदेशा
पुलिस को घटना में किसी जानकार का हाथ होने का अंदेशा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि घटना को महज दो घंटे के भीतर अंजाम दिया गया। चोरों को घर में किसी के न होने पूरी जानकारी थी। कीमती गहने कहां रखे हैं इसकी भी उन्हें जानकारी थी।