यूपीएससी: परीक्षा केंद्र में मोबाइल, गैजेट ले गए तो भविष्य में नहीं दे पाएंगे एग्जाम
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की रविवार को हुई सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा में आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। गाजियाबाद में पंजीकृत 21152 में से केवल 9725 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 11427 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
जनपद पर 43 केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे। हर केंद्र पर पांच पुलिस कर्मियों में दो महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं। चार जोनल, 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा यूपीएससी के तीन पर्यवेक्षकों ने दिनभर परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का जायजा लिया। परीक्षा के नोडल प्रभारी एडीएम फाइनेंस राजेश कुमार ने बताया कि परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे और दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक की पाली में शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई।