चार दिन कूड़ा नहीं उठा तो सोमवार को महापौर अशु वर्मा निगम अफसरों और पार्षदों को लेकर खुद ही डंपिंग ग्राउंड पहुंच गए। दो घंटे से ज्यादा समय तक मेयर ने मौजूद रहकर डंपिंग ग्राउंड पर वाहन चलवाकर जगह बनवाई।
अब मंगलवार से शहर में कूड़ा लिफ्टिंग शुरू हो सकेगी। हालांकि चार दिन का कूड़ा सड़कों पर फैला होने की वजह से अभी शहर पूरी तरह साफ करने में तीन-चार दिन लग जाएंगे। नगर निगम के वाहन अतिरिक्त फेरे लगाकर कूड़ा लिफ्टिंग करेंगे।
बीते शुक्रवार से शहर में कूड़ा लिफ्टिंग बंद है। डंपिंग ग्राउंड फुल हो जाने से यहां वाहनों के आवागमन की जगह भी नहीं रही। निगम अफसरों ने शनिवार से यहां प्राइवेट मशीनें चलवाकर जगह बनाने की मशक्कत शुरू कराई, लेकिन कूड़ा नहीं उठा।
सोमवार को मेयर अशु वर्मा, पार्षद राजेंद्र त्यागी, प्रवीन चौधरी, मुकेश त्यागी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आरके यादव डंपिंग ग्राउंड पहुंचे। महापौर ने बताया कि मंगलवार से कूड़ा उठाने का काम शुरू हो जाएगा। निगम के वाहनों के अतिरिक्त फेरे लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।