केडीबी स्कूल में चल रहे नार्थ जोन सीबीएसई चेस चैंपियनशिप के तहत शुक्रवार को पहले और दूसरे राउंड के मैच हुए। दोनों राउंड के फाइनल परिणाम आने के बाद अब खिलाड़ियों की टीम तीसरे राउंड के लिए तैयार है।
प्रतियोगिता के पहले राउंड में अंडर-11 बालिका वर्ग में केडीबी स्कूल, बालक वर्ग में लोटस वैली इंटरनेशनल, अमेटी इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-6 नोएडा, एमिटी सेक्टर-1 नोएडा, स्टेप बाय स्टेप विजेता रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में प्रिसिडियम इंदिरापुरम, एमिटी सेक्टर-1 नोएड की टीमों ने सफलता हासिल कर दूसरे राउंड में भी अपना दाव आजमाया।
पहले राउंड के ही अंडर-14 बालक वर्ग में स्टेप बाय स्टेप, एमिटी सेक्टर-6, इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल, नेहरू वर्ल्ड एवं डीपीएस राजनगर की टीमें आगे रहीं। ऐसे ही अंडर-19 बालिका वर्ग में डीडीपीएस गोविंदपुरम, एमिटी नोएडा, नेहरू वर्ल्ड और डीएवी पब्लिक स्कूल की टीमों ने जीतकर दूसरे चरण में प्रवेश किया।
दूसरे राउंड में खेले गए मैच में अंडर-14 बालक वर्ग में केडीबी स्कूल ने छबीलदास विद्यालय को 3-1 से पराजित किया। अंडर -11 बालक वर्ग में गांधी नगर पब्लिक स्कूल ने डीपीएस राजनगर स्कूल को 4-0 से हराया और स्टेप बाय स्टेप स्कूल ने केडीबी स्कूल पर 4-0 से विजय हासिल कर अगले राउंड के लिए अपनी जगह पक्की की।
दूसरे राउंड में ही अंडर-11 बालिका वर्ग में डीपीएस राजनगर ने 3-1 से डीडीपीएस विद्यालय संजय नगर पर जीत हासिल की। स्कूल की स्पोर्ट्स शिक्षिका आभा शर्मा ने बताया कि तीसरे राउंड का खेल रविवार को खेला जाएगा।