गाजियाबाद। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने आपके पास सुनहरा अवसर है। अपने और अपने बच्चों के सुखद भविष्य के लिए शनिवार को मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही अपने आस पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। राजनीतिक पार्टियों के साथ साथ प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी की देखरेख में निर्वाचन पार्टियों को भी रवाना कर दिया गया। इस दौरान उन्हाेंने सुरक्षा व्यवस्था आदि की भी पूरी जानकारी हासिल की। डीएम ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार धौलाना की आंशिक सीट को मिलाकर इस बार 2602985 मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें 1461019 पुरुष मतदाता और 1141866 महिला मतदाता शामिल हैं।
थर्ड जेंडर के भी इन विधानसभाओं में कुल मिलाकर 100 मतदाता हैं। इसके साथ ही चार नए बूथ लोनी, साहिबाबाद और गाजियाबाद विधानसभाओं में बढ़ गए हैं। पूर्व में गाजियाबाद में कुल 2490 बूथ थे, जोकि अब बढ़कर 2494 हो गए हैं। मतदान में पारदर्शिता लाने के लिए इस बार प्रशासन 255 बूथ पर वेब कास्टिंग करा रहा है।
डीएम ने बताया कि जनपद में 202 क्रिटिकल और 131 बल्नरेबल बूथ चिन्हित किए गए हैं। अंदेशा है कि धन, बल और लालच के आधार पर यहां 407 मतदाताओं को प्रभावित किया जा सकता है। इसी के चलते यहां सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। डीएम ने बताया कि व्यवस्था इस प्रकार बनाई गई कि प्रत्येक दो घंटे के चरणवार मतदान का रिजल्ट निर्वाचन आयोग को भेज दिया जाएगा।
वोटर कार्ड नहीं है तो 12 अन्य विकल्पों से कर सकते हैं मतदान:
जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार किसी व्यक्ति के पास अगर वोटर आईकार्ड नहीं है तो वह पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी, निजी या पब्लिक लिमिटेड कपंनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए पहचान पत्र, बैंक/पोस्ट आफिस की फोटोयुक्त पासबुक, पेनकार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रमाणित मतदाता फोटोयुक्त पर्ची, एमपीएस/एमएलए/एमएलसी को जारी सरकारी पहचान पत्र और आधार कार्ड दिखाकर अपना मत का प्रयोग कर सकता है।
बूथ के बाहर लगेंगे गाइडलाइन बैनर
गाजियबाद। मतदान के लिए जिला प्रशासन से लेकर सभी मतदाता तैयार हैं। इस बार प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं को जागरूक करने वाले बैनर-पोस्टर भी चस्पा किए जाएंगे।
सीडीओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि सभी बूथ के बाहर वोटिंग प्रक्रिया आमजन को पोस्टर-बैनर के जरिए समझाया जाएगा।
इसके साथ ही बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को बूथ पर विशेष सुविधा दी जाएगी। बुुजुर्गों और दिव्यांगों के सहयोग के लिए प्रत्येक बूथ पर चार से छह की संख्या में वालंटियर्स मौजूद रहेंगे। स्कूल के छात्र अपनी ड्रेस और आईकार्ड के साथ बूथों पर होंगे।
बुजुर्गों और दिव्यांगों को बूथ पर व्हील चेयर की सुविधा दी जाएगी। बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंचने वाले बुजुर्ग और दिव्यांगों को वालंटियर्स वोट डालने के बाद बाहर तक पहुंचाने आएंगे। बूथ के दो सौ मीटर की दूरी में यदि दिव्यांग और 80 प्लस वाले सीनियर सिटीजन को वालंटियर्स को घर से लेकर आएंगे और उन्हें घर तक पहुंचाने जाएंगे।