पान कारोबारी से 1.10 लाख लूटे, पुलिस ने चोरी में किया दर्ज
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में शुक्रवार शाम पान कारोबारी से दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने हथियार के बल पर पान कारोबारी से एक लाख दस हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल की जांच कर पीड़ित को थाने ले गई। लूट की जगह चोरी की तहरीर लिखवाकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
राजेंद्र नगर साहिबाबाद निवासी विप्लब का पान का कारोबार है। वह शहर में में अलग-अलग क्षेत्रों में पान की सप्लाई करते हैं। पीड़ित ने बताया कि वह शुक्रवार को डूंडाहेड़ा में पान की सप्लाई करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिद्धार्थ विहार से आगे कांशीराम योजना के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। दूसरी बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। उनकी पिटाई की। विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचा तान दिया और जेब खाली करने को कहा। जेब से कुछ नहीं मिला तो उन्होंने स्कूटी की डिक्की खोल ली। जिसमें से एक लाख दस हजार रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गए। इस दौरान हाथापाई में उनके गले पर चोट भी आई।
पुलिस ने लिखवाई तहरीर
पीड़ित ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें थाने ले गई। जहां पीड़ित पुलिस को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़ित का कहना है कि उन्हें तहरीर लिखने के लिए कहा तो पुलिस ने बोलकर तहरीर लिखवाई। जिसमें पुलिस ने रास्ते में जाते समय लघुशंका करने के दौरान दो बाइक पर सवार कुछ लोग उनकी स्कूटी से नकदी चुराकर भाग गए, यह लिखवाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस आमजन की मदद के लिए है। इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं आया है। अगर ऐसा हुआ है तो पीड़ित मेरे कार्यालय में आकर जानकारी दें। मामले की जांच कर कार्र्रवाई की जाएगी।
- स्वतंत्र सिंह, सीओ प्रथम