यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक प्रपोजल तैयार किया है, जिसमें सुझाव दिया है कि दिल्ली से मेरठ, हापुड़ और अलीगढ़ के लिए लोकल ट्रेनें चलाई जाएं।
गाजियाबाद में मेट्रो रेल सेवा का विस्तार हो और रेलवे माल गोदाम को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाए। इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम से निजात मिलेगी।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने बताया कि गाजियाबाद और एनसीआर में उपनगरीय रेल सेवा की व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। खासकर दिल्ली से मेरठ, हापुड़ और अलीगढ़ तक। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और जाम नहीं लगेगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गाजियाबाद में मेट्रो रेल के महज दो स्टेशन हैं। इसके अलावा दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा तक और लोनी तक मेट्रो रेल सेवा के विस्तार का कार्य चल रहा है। गाजियाबाद में रोड ट्रैफिक रोजाना बढ़ रहा है, लिहाजा पूरे गाजियाबाद क्षेत्र में मेट्रो रेल सेवा की सुविधा की आवश्यकता है।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि रेलवे माल गोदाम शहर के बीच में है, जहां से सीमेंट और सरिया की अनलोडिंग शहर के बीच में गाजियाबाद जंक्शन पर होती है, जो ट्रकों के जरिए मंडी में भेजा जाता है।
यह शहर में जाम और दुर्घटना का कारण बनता है, लिहाजा रेलवे माल गोदाम को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाना चाहिए। यह प्रस्ताव प्रशासन के माध्यम से जीडीए, डीएमआरसी और रेलवे को भेजा गया है।