ऊर्जा बचत के लक्ष्य के साथ पावर कारपोरेशन शुक्रवार से उपभोक्ताओं को एलईडी बल्ब बेचने की शुरुआत करेगा। कारपोरेशन के चेयरमैन मेरठ से योजना को लांच करेंगे। गाजियाबाद जोन के तीन जिलों गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर के लिए कारपोरेशन को 1.4 लाख एलईडी बल्ब मिल चुके हैं।
बिजली बिल जमा की रसीद दिखाकर उपभोक्ता सस्ती दरों पर यह बल्ब खरीद सकेंगे। इन बल्ब की बिक्री के लिए पावर कारपोरेशन के सर्किल में पांच और डिवीजन में कम से कम एक काउंटर खोला जाएगा। गाजियाबाद जोन को मिले 1.4 लाख बल्ब को हापुड़ और बुलंदशहर में भी वितरित किया जाएगा।
पावर कारपोरेशन के गाजियाबाद जोन के चीफ इंजीनियर अरविंद राजवेदी ने बताया कि शासन की ओर से 7 वाट के बल्ब की कीमत 80 रुपये और 9 वाट की 99 रुपये निर्धारित की है।
2 किलोवाट लोड वाले उपभोक्ताओं को अधिकतम 5 और इससे ज्यादा लोड वाले उपभोक्ताओं को अधिकतम 10 बल्ब मिल सकेंगे। उन्होंने बताया कि बल्ब लेने के लिए उपभोक्ताओं को पिछले महीने के जमा किए बिजली बिल की रसीद दिखानी होगी।
बिल जमा न किया होगा तो बल्ब नहीं दिए जाएंगे। चीफ इंजीनियर ने बताया कि तीनों जिलों के अधिकारियों को काउंटर खोलने के निर्देश दे दिए गए हैं। यह काउंटर बिल कलेक्शन काउंटर के पास ही बनाए जाएंगे।