राहुल सिंह
साहिबाबाद। टीएचए की सड़कों पर इन दिनों दिन में ही जाम छलकते नजर आते हैं। इंदिरापुरम से वसुंधरा तक सड़क किनारे लोग खुलेआम कानून का उल्लंघन कर कारों को बार बना लेते हैं। सड़क किनारे पुलिस चेक प्वाइंट के सामने चखने की दुकानें सजी है तो कहीं पीने वालों के लिए मेज-कुर्सियां सजी हैं। बड़ी बात यह है कि पुलिस चौकी और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद सड़कों का यह हाल है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि जब कानून के रखवाले सामने हों और नियमों की धज्जियां उड़ें तो व्यवस्था राम भरोसे ही है।
दरअसल, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने एनसीआर की महिला सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया है। दिल्ली, नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर में महिलाओं के साथ हुई दुष्कर्म की कुछ घटनाओं ने झकझोर कर रख दिया है। सुप्रीम अदालत की टिप्प्णी के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है ताकि कानून व्यवस्था पर सख्ती दिख सके। इंदिरापुरम, शालीमार गार्डन, वैशाली, कौशांबी, खोड़ा, महाराजपुर, भोपुरा और वसुंधरा समेत कई इलाकों में सड़क किनारे खड़े होकर शराब पीने वालों का जमावड़ा दिखाई देता है। कुछ लोग शाम का इंतजार भी नहीं करते हैं और दोपहर से ही कारों को बार बना लेते हैं। ऐसे में महिलाओं और परिवारों के साथ वहां से गुजरने वालों के लिए असहज स्थिति हो जाती है। शालीमार गार्डन के टंकी वाले पार्क के पास बने शराब के ठेके के बाहर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। ऐसे ही नजारा भोपुरा तिराहे के पास शराब की दुकान के बाहर का है, जहां से महिलाओं को निकलने में दिक्कत होती है।
-
वसुंधरा पुलिस चेक प्वाइंट का भी नहीं दिखता खौफ
वसुंधरा निवासी संदीप कुमार का कहना है कि कुछ जगहों पर पुलिस चेक प्वाइंट और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के आसपास ही लोग खुलेआम शराब पीते दिखाई देते हैं। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे शराब का ठेका है, उसके बराबर खाली प्लाट में दुकान का बाजार सजता है। इन्हीं दुकानों पर आकर लोग शराब का खुलेआम सेवन करते हैं। चेक प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस के दारोगा समेत करीब 10 कर्मचारी तैनात रहते हैं।
-
कानून किताब में, सड़क पर अपनी व्यवस्था
वैशाली सेक्टर-3 की जीडीए के मार्केट के बाहर सड़क किनारे शराब पीने वालों का तांता लगा रहता है। स्थानीय निवासी राजीव राज का कहना है कि पुलिस अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने की तस्वीरें दावों की हकीकत पर सवाल खड़े करती है।
- रोजाना शाम को स्पेशल अभियान चलाकर पुलिस सड़क किनारे शराब पीने वालों पर कार्रवाई करती है। अगर इसके बाद भी खुलेआम और सार्वजनिक स्थानों पर कोई शराब का सेवन कर रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। ऋजुल, डीसीपी ट्रांस हिंडन