बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक सुनहरा मौका मिला है। 16 से 19 मई तक लखनऊ में अब तक का सबसे बड़ा रोजगार मेला लगाया जा रहा है। मेले में करीब दस हजार युवाओं को प्लेसमेंट दिए जाने की तैयारी है। मेले में पहुंचना है तो युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि गाजियाबाद में 18 हजार युवा विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें से ऑनलाइन पंजीकरण केवल चार हजार युवाओं ने ही करा रखा है। शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि रोजगार मेला में शामिल होने के लिए युवाओं को www.sewayojan.up.nic.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद साक्षात्कार संबंधी सूचना अभ्यर्थी को एसएमएस या मेल से भेजा जाएगा।
एसएमएस से भेजे गए नंबर के आधार पर ही अभ्यर्थी मेेले में साक्षात्कार के लिए शामिल हो सकते हैं। मेले में युवाओं को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षिक दस्तावेज और उनकी फोटो कॉपी के साथ अपनी दो पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना जरूरी होगा।
सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि एक अभ्यर्थी द्वारा केवल दो पदों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। चार दिनों के मेेले में अभ्यर्थी किसी भी दिन मेले में जाकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि मेले में गाजियाबाद, गुजरात, पंजाब समेत देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 80 कंपनियां प्लेसमेंट के लिए पहुंचेंगी।
इन चार केंद्रों पर लगेगा मेला
गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट इंदिरा नहर के पास, फैजाबाद रोड लखनऊ
रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, बख्शी का तालाब, सीतापुर रोड लखनऊ
क्षेत्रीय केंद्र इग्नू, वृंदावन कॉलोनी, तेलीबाग रायबरेली रोड लखनऊ
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज लखनऊ