मुसीबत: वायरल बुखार के बाद बढ़े टायफॉयड के मरीज
हापुड़। वायरल बुखार के प्रकोप के बीच अब जिले में टायफॉयड के मरीज भी तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में पहुंच रहे मरीजों की जांच रिपोर्ट में बुखार पीड़ित हर दसवें मरीज को टायफॉयड है। तीन दिन में जिला अस्पताल में 110 मरीजोें की टायफॉयड की जांच हुई तो इनमें से 13 पॉजिटिव मिले हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पतालों की ओपीडी में लंबी कतार लग रही है और घंटोें इंतजार के बाद ही उपचार मिल पा रहा है। राहत की बात यह है कि डेंगू, चिकनगुनिया का कोई मरीज इस सीजन में अभी तक नहीं मिला है। 2019 में जिले में 200 से अधिक मरीजों को डेंगू की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की थी। हालांकि विभाग ने इस साल जनवरी से अगस्त तक कुल 10 मरीजों में ही मलेरिया की पुष्टि की है।
ओपीडी से लैब तक कतार
अस्पतालों में पहुंचने वाले बुखार के मरीज खून की जांच करा रहे हैं। ऐसे में सरकारी व प्राइवेट लैब में मरीजों की कतारें लगी रहती हैं। अस्पतालों की ओपीडी फुल चल रही हैं। ऐसे में चिकित्सक को दिखाने के लिए मरीज को इंतजार करना पड़ता है। पर्चा बनवाने के काउंटर से डिस्पेंसरी और चिकित्सक के चैंबर तक मरीजों की भीड़ है।
जिला अस्पताल में जांच का रिपोर्ट कार्ड:
तिथि ओपीडी बुखार मरीज टायफॉयड जांच पॉजिटिव
08 670 42 30 04
07 720 57 42 05
06 640 54 38 04
-----
टाइफाइड के लक्षण:
कमजोरी महसूस होना।
भूख का कम होना।
सिर दर्द, शरीर में दर्द।
कंपकंपी के साथ बुखार।
सुस्ती व आलस्य।
दस्त, पाचन तंत्र खराब होना।
तत्काल डॉक्टर को दिखाएं
वायरल के साथ टायफॉयड के केस भी आ रहे हैं। बुखार हो तो लापरवाही न करें तत्काल डॉक्टर को दिखाएं। किसी झोलाछाप के पास न जाएं। सरकारी अस्पताल में अच्छे डॉक्टर भी हैं और दवाई भी। --डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।