आज अवकाश के दिन भी लोग जमा करा सकेंगे हाउस टैक्स
गाजियाबाद। लोग अवकाश के दिन भी अपना हाउस टैक्स जमा करा सकेंगे। नगर निगम ने द्वितीय शनिवार और रविवार के अवकाश में भी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। लोग सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक जोनल कार्यालयों में पहुंचकर टैक्स जमा करा सकेंगे।
वित्तीय वर्ष के अंतिम पखवाड़े में नगर निगम का हाउस टैक्स वसूली पर जोर है। शहर में भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो नौकरी पेशा हैं और हाउस टैक्स जमा कराने के लिए उन्हें समय नहीं मिलता। नगरायुक्त दिनेश चंद्र सिंह का कहना है कि ऐसे लोगों की सहूलियत के लिए अवकाश के दिन भी जोनल कार्यालय खोलने और टैक्स जमा करने का कार्य रोजाना की तरह कराए जाने का निर्णय लिया है। शनिवार और रविवार को नगर निगम मुख्यालय बंद रहेगा लेकिन सभी पांचों जोनल कार्यालय खुले रहेंगे। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि कार्यालयों के अलावा लोग नगर निगम की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन भी टैक्स जमा करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक टैक्स जमा न करने वालों से नगर निगम एक अप्रैल से 12 फीसदी ब्याज भी वसूल करेगा।