फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गार्ड की योजना से लुटेरों ने सिगरेट कारोबार के कर्मचारियों से लूटे थे पांच लाख

विज्ञापन
विज्ञापन
गार्ड की योजना से लुटेरों ने कर्मचारियों से लूटे थे पांच लाख
विज्ञापन

- साहिबाबाद पुलिस ने गार्ड समेत चार लुटेरे दबोचे
- बाइक, तमंचा-पिस्टल और 2.70 लाख बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। साहिबाबाद पुलिस ने हिंडन पुल के पास सिगरेट कारोबारी के कर्मचारियों से पांच लाख रुपये की लूट में गार्ड समेत चार लुटेरों को पकड़ कर खुलासा किया है। घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी गार्ड ने दो दिन पूर्व रेकी कराई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक, एक पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस और दो लाख 70 हजार रुपये बरामद किया है।
एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अर्थला के पास से जिन लुटेरों को टीम ने पकड़ा है। उनकी पहचान दिल्ली पहाड़गंज निवासी दीपक उर्फ काना, रोहिणी दिल्ली निवासी वीरेंद्र उर्फ बब्लू और चेरिया बडियारपुर डाबड़ी दिल्ली निवासी विजय व विवेक विहार झिलमिल कॉलोनी के हितेंद्र उर्फ जीते के रूप में हुई है। हितेंद्र ही सिगरेट कारोबारी के गोदाम पर गार्ड की नौकरी करता था। क्षेत्राधिकारी आलोक दूबे ने बताया कि घटना को अंजाम देने के लिए लुटेरों ने दिल्ली के गणेशपुरी से बाइक चोरी की थी। घटना से दो दिन पूर्व ही हितेंद्र ने विजय व अन्य लुटेरों के साथ मिलकर कलेक्शन की रकम लूटने की पूरी रैकी कराई थी। योजना के तहत लुटेरे बाइक और स्कूटी पर सवार होकर हिंडन पुल के पास पहुंचे। वहां फायरिंग कर लुटेरों ने कर्मचारियों के छोटा हाथी गाड़ी को रोक लिया। बाद में तीन में से एक बैग को लूटकर फरार हो गए थे।
विज्ञापन

लालकिला पर हुई थी हितेंद्र की लुटेरे से मुलाकात
सीओ ने बताया कि कारोबारी आमिर का सिगरेट गोदाम साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट चार में है। वहीं पर हितेंद्र कुमार उर्फ जीते गार्ड की नौकरी करता है। कुछ माह पूर्व वह लालकिले पर घूमने गया था। वहां विजय से उसकी टक्कर हो गई। कहासुनी में दोनों ने बताया कि वह हाल ही में जेल से छूटे हैं। जहां दोनों में बात करने पर तो पता चला कि हितेंद्र हत्या और विजय लूट के मामले दिल्ली से जेल भी जा चुका है। इसके बाद उनकी आपस में दोस्ती हो गई। लूट की घटना को अंजाम देने के लिए एक दिन विजय ने हितेंद्र को मेसेज भेजकर घटना के लिए सही जगह के बारे में पूछा। तभी हितेंद्र ने कारोबारी आमिर का रोजाना होने वाले कलेक्शन को लूटने की योजना तैयार की।
लूट के लिए एक लुटेरे ने दूसरे गिरोह से किया संपर्क
साहिबाबाद प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि हितेंद्र का सुझाव विजय को काफी पसंद आया। बाद में उसने अपने साथी वीरेंद्र उर्फ बब्लू को बुलाकर योजना के बारे में विस्तार से बताया। लेकिन इस घटना में विजय व बब्लू को अन्य लुटेरों की भी कमी महसूस हुई। फिर विजय ने दीपक उर्फ काना से संपर्क किया। इन दोनों की जेल में ही एक दूसरे से मुलाकात हुई थी। दीपक ने अपने साथी शाहरुख उर्फ शानू व सलमान को साथ लेकर एक दिन वारदात के लिए रास्ते को देखा। उसके बाद हितेंद्र ने ही योजनाबद्ध तरीके से विजय को गोदाम के कर्मचारियों की गाड़ी (छोटा हाथी) का नंबर दिया। जिसकी मदद से पांचों बदमाश 18 नवंबर को बाइक और एक स्कूटी से वारदात करने पहुंच गए। वहां फायरिंग कर उन्होंने रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
बाइक खराब होने पर झाड़ियों में फेंक दी
वारदात के बाद जब लुटेरे भाग रहे थे तो उनकी बाइक खराब हो गई। जिसे वह वसुंधरा की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। जबकि लूट करने के लिए दीपक, शानू और सलमान तीनों मेट्रो के जरिए वैशाली स्टेशन पर उतरे थे। वहां विजय और वीरेंद्र उन्हें चोरी की बाइक व स्कूटी के साथ मिले। वसुंधरा में बाइक खराब होने के बाद वीरेंद्र आटो से दिल्ली चला गया। जबकि दीपक, शानू और सलमान ने गाजीपुर के पास स्कूटी भी छोड़ दी। साहिबाबाद पुलिस अब शानू व सलमान की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

डकैती की धारा में होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि दीपक उर्फ काना के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के थानों में डकैती, लूट, चोरी समेत अन्य धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि विजय के खिलाफ सात, वीरेंद्र के खिलाफ छह और हितेंद्र के खिलाफ तीन मुकदमे दिल्ली व साहिबाबाद में दर्ज हैं। छह लुटेरों ने योजनाबद्ध तरीके से फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया। इस वजह से अब लुटेरों के खिलाफ अब मुकदमा डकैती में बदला जाएगा। वहीं, गार्ड हितेंद्र के खिलाफ षड़यंत्र रचने की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें