40 मिनट चला इंटरव्यू, परिवार और शौक पर पूछे सवाल
वसुंधरा। यूपीएससी में नौंवी रैंक हासिल करने वाली वसुंधरा सेक्टर पांच की ऑलिव काउंटी निवासी डॉ. अपाला मिश्रा से इंटरव्यू के दौरान नए घटनाक्रम से लेकर उनके पिता की नौकरी से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इंटरव्यू के दौरान उनकी पहनी हुई साड़ी और हॉबी के बारे में किए गए सवाल उन्हें सबसे अच्छे लगे।
डॉ. अपाला का इंटरव्यू करीब 40 मिनट लंबा चला। इस दौरान उनसे एनालिटिकल, करंट अफेयर्स और हॉबी को लेकर सवाल पूछे। उन्होंने बताया कि उनके पिता आर्मी में हैं तो डिफेंस से जुड़े सवाल पूछे। ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड के बारे में पूछा। संस्कृति और धर्म में क्या अंतर है? यह आपस में कैसे जुड़े हुए हैं? करंट अफेयर्स में उसी दिन के न्यूज पेपर से सवाल पूछा। उन्होंने बताया कि किस राज्य की सरकार ने बच्चों के लिए रिजर्वेशन निकाला है। डॉ. अपाला का इंटरव्यू उस दिन सबसे आखिर में था। ऐसे में वहां पर रखे अखबार को उन्होंने पढ़ा तो उन्होंने रिजर्वेशन वाली खबर पढ़ी थी। उन्होंने बताया कि वह साड़ी पहनकर गई थीं तो आखिरी में उनसे पूछा गया कि साड़ी में बने बॉर्डर के डिजाइन को क्या कहते हैं? इसके साथ ही कौन से राज्य में कौन सी साड़ी पहनी जाती है, इसके बारे में भी पूछा। सबसे आखिरी में उनकी हॉबी सवाल पूछे। जिसमें उन्होंने अपने द्वारा लिखी कविता सुनाई।
पहले विषय, अपनी कमजोरी और मजबूती को समझें
तैयारी के बारे में डॉ. अपाला का कहना है कि शुरू में तो उन्हें समझ नहीं आ रहा था। परीक्षा लंबी है। अलग-अलग विषय हैं। सबसे पहले सिलेबस को समझना जरूरी है। इसके बाद अपने आप को भी समझना चाहिए कि हम किसी विषय में मजबूत हैं और किस विषय में कमजोर हैं। इससे पढ़ने में मदद मिलती है। एक बार यह चीज पकड़ ली तो अच्छे से तैयारी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। हमें अपने अंदर आत्मविश्वास बनाकर रखना चाहिए। साथ ही ज्ञान के साथ ही प्रजेंटेशन बेहद जरूरी है। इंटरव्यू लेने वाले व्यक्ति द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब तो पता है, लेकिन उसको किस तरह से देना यह समझना भी जरूरी है। इसके साथ जवाबों के साथ अपने सुझाव और विश्लेषण भी करना चाहिए।