कंपनी निदेशक की आंखों में मिर्ची स्प्रे कर पांच लाख लूटे
इंदिरापुरम। सीआईएसएफ के पास बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की शाम चार बजे उमेश मोदी ग्रुप के डायरेक्टर सुनील गुप्ता की आंखों में मिर्ची स्प्रे कर गाड़ी से पांच लाख रुपये नगद और 1.30 लाख का सामान निकाल लिया। इंदिरापुरम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज चेक किए।
उद्योगपति सुनील गुप्ता ने बताया कि वह दोपहर के समय बरेली जाने के लिए अपनी कार में दिल्ली सरिता विहार आवास से निकले थे। एनएच- 9 पर सीआईएसएफ कट के पास पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें टायर में पंक्चर होने का इशारा किया। इसके बाद चालक ने कार साइड में लगाकर एक दुकान पर टायर की हवा को चेक कराया। टायर से हवा निकलने पर दुकानदार ने उसमें पंचर लगा दिया। उनका आरोप है कि कुछ सेकेंड में अचानक उनकी आंखों में तेज जलन होने लगी। वह गाड़ी से उतरे और पानी से मुंह धोने लगे। वापस कार में बैठकर जैसे ही दस मीटर आगे चले उन्हें गाड़ी से बैग गायब मिला। इसके बाद गाड़ी रुकवाकर सभी जगह बैग को चेक किया, लेकिन वह नहीं मिला। उन्होंने बदमाशों को आसपास देखा तो वह भी नहीं नजर आए। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को फोन कर घटना की जानकारी दी। पीड़ित के भतीजे ने थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
टप्पेबाजी में बदमाश चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते हैं। इस घटना में मौके पर जांच पड़ताल के अलावा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। -ज्ञानेंद्र मिश्रा, एसपी सिटी सेकेंड