पासपोर्ट के आधे किए आवेदन, नई गाइडलाइन तक रहेंगे जारी
गाजियाबाद। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) गाजियाबाद ने कोरोना को देखते हुए पासपोर्ट सेवा केंद्र कौशांबी (पीएसके), पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओ पीएसके) और आरपीओ में पासपोर्ट के आवेदन (अप्वॉइंटमेंट) आधे कर दिए हैं। कौशांबी पीएसके में अब 1200 की जगह अब पासपोर्ट के 580 आवेदन लिए जा रहे हैं। दूसरी ओर 11 जनपदों के पीओ पीएसके में एक दिन में आवेदन 40 से घटाकर 20 कर दिए गए हैं। वहीं, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में 200 की जगह अब केवल 100 आवेदन लिए जा रहे हैं।
---
विदेश मंत्रालय की नई गाइडलाइन तक व्यवस्था रहेगी जारी:
आरपीओ से संबद्ध कौशांबी पीएसके में आम दिनों में सर्वाधिक 1200 पासपोर्ट आवेदन एक दिन में लिए जाते हैं। वहीं, आरपीओ के अलावा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े नोएडा, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, बुलंदशहर, वृंदावन, अछनेरा, हाथरस के पीओ पीएसके में विदेश मंत्रालय के नए दिशानिर्देश जारी होने तक यही व्यवस्था लागू रहेगी। वर्तमान में पासपोर्ट आवेदक तीन माह तक के अप्वॉइंटमेंट ले सकते हैं। कोरोना की तीसरी लहर होने केबावजूद सभी केंद्रों पर आवेदक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
---
कोविड दिशानिर्देशों का कड़ाई से किया जा रहा पालन:
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के आदेशानुसार सभी पीएसके और पीओ पीएसके पर कोविड दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। कोरोना गाइडलाइन और सामाजिक दूरी का नियम लागू किया जा सके, इसी के चलते भी आवेदन की संख्या में कटौती की गई है। केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को थर्मल स्केनिंग और सेनिटाइजेशन के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। लोगों की भीड़ एक साथ न उमड़े, इसके लिए अप्वॉइंटमेंट का समय (स्लॉट) दिया जा रहा है।
---
कोट..
स्थिति की लगातार की जा रही समीक्षा:
पीएसके हो या फिर पीओ पीएसके, सभी पासपोर्ट आवेदन केंद्रों पर कोरोना संबंधी गाइडलाइन के पालन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कोरोना संक्रमण के मामले घटने और स्थिति में सुधार के बाद ही मंत्रालय के दिशानिर्देशों के तहत आगे पासपोर्ट आवेदन बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी। -- सुब्रतो हाजरा, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी
---