ई-कचरा खरीदेगा निगम, शहरवासियों को होगी आमदनी
गाजियाबाद। स्वच्छता में शहर को स्मार्ट बनाने की दिशा में नगर निगम एक नया प्रयास जोड़ने जा रहा है। कूड़े के अलावा अब घर-घर से ई-कचरा भी उठाएगा। ई-कचरे देने पर शहरवासियों को आमदनी होगी। खराब एसी, टीवी, फ्रिज, डेस्कटॉप, स्मार्टफोन आदि बेचा जा सकेगा। इसके लिए एप गाजियाबाद 311 को निगम नए साल में लॉंच करेगा। एप में ई-वेस्ट कलेक्शन का विकल्प जोड़ा गया है। ई-कचरा देने के लिए पहले शहरवासियों को एप पर जाकर जानकारी भरनी होगी। फिर सोमवार सहित किसी भी एक निर्धारित तिथि पर कलेक्शन करने वाली एजेंसी ई-कचरा लेने के साथ नगद भुगतान भी करेगी।
एप में होंगे खतरनाक श्रेणी के कचड़े, पुरानी बुक सहित नए विकल्प:
ई-कचरा कलेक्शन के साथ निगम के एप में कई नई सुविधाओं के विकल्प को शामिल किया जा रहा है। इसमें खतरनाक श्रेणी के कचरे के कलेक्शन का विकल्प भी होगा। इसमें लोग खराब बैटरी, ट्यूबलाइट, सीएफएएल, पेंट के बॉक्स सहित आदि सामान को एप में सूचित कर कूड़ा कलेक्शन वाहन को दे सकेंगे। इसके अलावा पुरानी किताबों को दान करने केलिए ओल्ड बुक, बर्तन बैंक, होम कंपोस्ट सहित कई नए विकल्प जोड़े जाएंगे।
---
10 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक पर मिलेगी 10 किलो खाद:
सिंगल यूज प्लास्टिक को अधिकांश लोग ऐसे ही फेंक देते हैं। ऐसे में सिंगल यूज प्लास्टिंग की समस्या के निदान के लिए निगम ने नया तरीका निकाला है। इसमें 10 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक देने पर निगम की ओर से 10 किलो पेड़ पौधों के लिए खाद देने की योजना है।
---
कोट..
ई कचरे में होते हैं कई जहरीली तत्व, होगा निदान:
घरों में बड़ी मात्रा में ई-कचरा पड़ा रहता है। ई-में लेड, मर्करी, कैडमियम, आर्सेनिक, सल्फर, क्रोमियम सहित अन्य जहरीले तत्व शामिल होते हैं। ऐसे में ई-वेस्ट कलेक्शन में लोग एप के जरिए पहले से ही कचरे को देने की सूचना देंगे। फिर हफ्ते में एक निर्धारित दिन पर वाहन आकर ई कचरा एकत्रित करेगा। इसमें प्रति खराब सामान एजेंसी भुगतान भी करेगी। -- डॉ. मिथिलेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
---
ई-कचरा से भुगतान की यह हैं संभावित राशि:
ई-कचरा प्रति सामान कुल भुगतान
ब्लैक एंड व्हाइट टीवी 40 रुपये
रंगीन टीवी 250 रुपये
एसी 1.5 टन 1600 रुपये
एसी 1 टन 1200 रुपये
एलसीडी, एलईडी प्लाज्मा 400 रुपये
कंप्यूटर डेस्कटॉप 650 रुपये
स्मार्टफोन 100 रुपये
लैपटॉप 800 रुपये
माइक्रोवेव 150 रुपये
फ्रिज 180 से 350 लीटर तक 550 से 800 रुपये तक
वॉशिंग मशीन सेमी से ऑटोमेटिक 300 से 500 रुपये तक