दुकान में घुसकर बच्चों के सामने सराफ के पति की गोली मारकर हत्या
लोनी। ट्रॉनिका सिटी के पूजा कॉलोनी मंगल बाजार में बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर महिला सराफ आकांक्षा उर्फ सोनम के पति रामकुमार वर्मा (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। बीच बाजार में दिनदहाड़े वारदात कर बदमाश फरार हो गए। घटना के वक्त उनके दोनों बच्चे मौजूद थे, जबकि पत्नी खाना बनाने के लिए घर गई हुई थीं। पुलिस का कहना है कि दुकान में लूटपाट की बात सामने नहीं आई है। पारिवारिक रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर घटना की जांच की जा रही है।
पूजा कॉलोनी मंगल में राजकुमार वर्मा पत्नी आकांक्षा, 2 वर्षीय बेटी परी और 5 वर्षीय बेटे राम वर्मा के साथ साथ रहते थे। घर से करीब 50 मीटर दूर ही उनकी पत्नी ज्वेलरी शॉप चलाती हैं। आकांक्षा ने बताया कि उनके पति रामकुमार इनकम टैक्स अधिकारी की गाड़ी चलाते थे। 6 अक्तूबर को उनकी नौकरी छूट गई थी, जिसके बाद से वह घर पर ही थे और दुकान में हाथ बंटाते थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे वह पति और बच्चों को दुकान पर छोड़कर खाना बनाने के लिए घर चली गईं। उनके पीछे बदमाशों ने उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी।
दो मिनट बात की और बैग से तमंचा निकाल मार दी गोली
पड़ोसी दुकानदारों के मुताबिक आकांक्षा के घर जाने के बाद बाइक सवार तीन बदमाश आए। उनके हाथ में बैग था। एक बदमाश बाइक लेकर खड़ा रहा, जबकि दो दुकान में चले गए। उन्होंने दो मिनट तक रामकुमार से बात की और फिर एकाएक बैग से लंबी नाल का तमंचा निकालकर उनके सीने में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रामकुमार को आनन-फानन दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इनसेट.....
पड़ोसी दौड़ा तो उस पर भी तान दिया तमंचा
ज्वेलरी शॉप के बराबर में ही एक व्यक्ति रोटी बनाने का काम करता है। वह अपनी दुकान से 10 मीटर दूर खड़े होकर बेटे को कुछ खिला रहा था। रामकुमार को गोली लगने के बाद बच्चों में चीख-पुकार मची तो वह दुकान में दौड़ पड़े। तभी एक बदमाश ने उनकी तरफ भी तमंचा तान दिया, जिसके चलते वह वहीं रूक गए। हत्या के बाद बदमाश बाजार में तमंचा लहराते हुए दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की तरफ फरार हो गए।
इनसेट.....
हेलमेट न नकाब....कैमरे में कैद हुए बदमाश
घटना के बाद एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा व सीओ लोनी अतुल सोनकर ने मौका-मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बदमाश उनमें कैद मिले। उन्होंने न तो हेलमेट लगाया हुआ था और न ही चेहरा ढका हुआ था। एक ही बाइक पर तीनों बदमाश आए और फरार हो गए। फुटेज के आधार पर पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है।
इनसेट.....
लूट के विरोध या रंजिश में हत्या का अंदेशा
बदमाशों ने दो मिनट तक रामकुमार से क्या बात की होंगी, इसको लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बदमाशों ने दुकानों में रखे माल के बारे में पूछा होगा, जिसका विरोध करने पर रामकुमार की हत्या कर दी गई। वहीं, पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने रामकुमार ने कुछ आपसी बात की और फिर हत्या कर दी। कुल मिलाकर पुलिस लूट के विरोध पर या रंजिश में हत्या के एंगल पर जांच कर रही है।
कोट.....
किसी से रंजिश नहीं
मेरे 6 बेटे हैं। रामकुमार करीब एक साल पहले ही पूजा कॉलोनी में रहने लगा था। एक और बेटा यहीं किराए पर रहता है और बाकी चार बेटे चंद्रपुरी कॉलोनी में रहते हैं। रामकुमार शादी के बाद से ही परिवार से अलग रहने लगा था। परिवार में कुछ मनमुटाव जरूर हुआ था। रामकुमार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी।- प्रेमकुमार, मृतक के पिता
कोट.....
जानकार होंगे तो फुटेज देखकर पहचान लूंगी
नौकरी छूटने के बाद पति दुकान पर बैठ जाते थे। पुलिस उन्हें फुटेज दिखाए। अगर हत्यारोपी जानकार होंगे तो वह फुटेज देखकर पहचान लेंगीं। मेरे पति केहत्यारों को फांसी होनी चाहिए। परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। दुकान में 80 हजार रुपये रखे थे और अलमारी में चाबी लगी थी। हत्या के बाद मैं दुकान में नहीं गई हूं।
- आकांक्षा, मृतक की पत्नी
पारिवारिक रंजिश के एंगल पर भी चल रही जांच
अज्ञात तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की पहचान की कोशिश की जा रही है। थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमें खुलासे में लगाई गई हैं। पारिवारिक रंजिश के एंगल पर भी जांच की जा रही है।
डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण
दहशत में बंद हुआ बाजार, पुलिस आने पर दुकानें खुलीं
आकांक्षा की दुकान के आसपास कई दुकानें हैं। उनके पति की हत्या के बाद कुछ दुकानदारों ने दहशत में दुकानें बंद कर दीं। हालांकि, पुलिस के आने के बाद लोगों ने दुकानें खोल लीं। बदमाशों ने पुश्ता पुलिस चौकी से 800 मीटर हत्याकांड को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली।