अगले सप्ताह बिहार के कारोबारी से लूटने थे एक करोड़
गजियाबाद। चेन्नई के कारोबारी से 45 लाख लूटने वाले आरोपियों के निशाने पर कई अन्य कारोबारी भी थे। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि इस घटना के बाद आरोपियों को बिहार के कारोबारी से एक करोड़ रुपये लूटने थे। आरोपियों ने उसे 23 अगस्त को गाजियाबाद बुलाया था, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ा तो उन्होंने तरह-तरह से पुलिस पर दबाव डालने की कोशिश की। गुरुग्राम में दीपक पलटा को पकड़ा तो उसने पुलिस के सादा कपड़ों में होने पर एतराज जताया। कहा कि उसका भतीजा झारखंड कैडर का आईपीएस अधिकारी है और चाचा पंजाब से रिटायर्ड आईपीएस हैं। इसके अलावा विनय तेजा ने पुलिस को बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। उसे कानून की जानकारी है। पुलिस बिना नोटिस गिरफ्तार नहीं कर सकती। पुलिस किसी के रौब में नहीं आई और गिरफ्तार करके ले आई।
पूर्व विधायक का बेटा घबराकर बोला-एसपी गोली मार देगा
एसपी सिटी ने बताया कि दिनदहाड़े 45 लाख रुपये लूटने के बाद पुलिस की 10 टीमों ने दबिश देनी शुरू की तो पूर्व विधायक का बेटा सतेंद्र उर्फ बॉबी बुरी तरह घबरा गया। उसने अरविंद त्यागी से कहा कि दिनदहाड़े घटना कर भारी चूक कर दी। गाजियाबाद में नया एसपी आया है। पकड़े जाने पर वह गोली मार देगा। पुलिस की गिरफ्तार में आने के बाद सतेंद्र गोली न मारने की गुहार लगाने लगा।
सतेंद्र ने डेढ़ किमी दूर हापुड़ चुंगी पर खड़ी की कार
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कारोबारी को आरडीसी के गेट पर ही लूटने की योजना बनाई थी, लेकिन वहां पीआरवी खड़ी देख प्लान बदल दिया और कारोबारी को वकील केचैंबर में ले गए। पूर्व विधायक का बेटा घटनास्थल से डेढ़ किमी दूर कार खड़ी करके आया था। लूट करने के बाद वह तथा अन्य आरोपी ऑटो में बैठकर हापुड़ चुंगी पहुंचे।
आरोपियों ने सोचा था कि कारोबारी चुप रहेगा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सोचा था कि कारोबारी के पास हवाला का पैसा है और उसका कोई रिकॉर्ड न होने के कारण वह चुप रहेगा, लेकिन दूसरा बैग लूटने के विरोध पर कारोबारी बुरी तरह लहूलुहान हो गया तो मामला खुल गया। जिसके बाद कारोबारी को आपबीती बतानी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिए।
बेटे का फंसाया गया है
विधानसभा चुनाव से पहले हापुड़ सीट से मेरी प्रबल दावेदारी को देखते हुए यह मुझे बदनाम करने की साजिश है। मेरा बेटा थोड़ा गुस्से की प्रवृत्ति का भले ही हो, लेकिन वह यह हरकत नहीं कर सकता। षड़यंत्र कर उसे फंसाया गया है।
- गजराज सिंह, पूर्व विधायक, हापुड़