संपत्ति वैध है या अवैध बताएगी जीडीए की वेबसाइट
गाजियाबाद। जीडीए के क्षेत्र में कोई भी फ्लैट या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी पड़ताल जरूर कर लें। यह सलाह इसलिए जरूरी है क्योंकि 321 अवैध कॉलोनियां हैं। आप किसी भी प्रॉपर्टी डीलर, बिल्डर या अन्य के चंगुल में फंस सकते हैं। इस दिशा में जीडीए जल्द अवैध कॉलोनियों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा। वेबसाइट से संपत्ति के वैध या अवैध होने का पता चल सकेगा। दूसरे ऑनलाइन माध्यम से भी अवैध संपत्ति के बारे में जागरूक किया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से संपत्तियों की खरीद से पहले एडवाइजरी भी जारी की जाएगी। लोगों को सलाह दी जाएगी कि वह संपत्ति की खरीद से पहले उसके भूउपयोग, स्वीकृत यूनिट और मौके पर जाकर खोजबीन जरूर करें।
फिर लगाएंगे जागरूकता बोर्ड
दो साल पहले आकाश नगर में पांच मंजिला बिल्डिंग के ढहने के बाद जीडीए ने बड़े पैमाने में कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करने को कदम उठाए थे। इसमें लोगों को जागरूक करने के लिए अपनी योजनाओं के साथ अवैध कॉलोनियों के बाहर जागरूकता बोर्ड लगवाए गए थे। बोर्ड अब गायब हो चुके हैं। ऐसे में नए सिरे से प्राधिकरण सबसे पहले अपनी इंदिरापुरम, मधुबन बापूधाम, स्वर्णजयंतीपुरम, कोयल एंक्लेव, इंद्रप्रस्थ योजना में भूखंड पर स्वीकृत यूनिट और जागरूकता संबंधी जानकारियों के बोर्ड लगवाएगा। फिर शहरों से सटी अवैध कॉलोनियों के बाहर ऐसे बोर्ड लगवाए जाएंगे।
सावधानी जरूरी
अवैध कॉलोनियों के साथ जीडीए की कॉलोनियों में भी नक्शे के विपरीत निर्माण के बड़े पैमाने में मामले सामने आते रहे हैं। जीडीए नियमानुसार 150 से 300 वर्ग मीटर भूखंड पर तीन, 301 से 400 वर्ग मीटर भूखंड पर चार और 401 से 500 वर्ग मीटर भूखंड पर पांच यूनिटों का निर्माण किया जा सकता है। लेकिन निजी बिल्डरों की ओर से उससे अधिक फ्लैटों की यूनिटों का निर्माण कर लिया जाता है। पूर्व में हुई जांच में ऐसे कई मामलों में अधिकारियों व कर्मचारियों पर गाज गिर चुकी है।
अवैध कॉलोनियों पर एक नजर
जीडीए की ओर से सभी आठ जोन में 321 कालोनियों को अवैध घोषित किया गया है। इसमें जोन-एक में ब्रिज नगरी, नंदनी एंक्लेव, उत्तरांचल नगर, किसान प्रोपर्टी धनाथपुरीनंदग्राम, सेवानगर कालोनी, सांई एंक्लेव, संगम विहार, कृष्णा कुंज, विकास नगर, हरवंशनगर, हिंडन विहार सहित अन्य कालोनियां शामिल हैं। प्रवर्तन जोन-तीन में दुर्गा एंक्लेव, कैलाश पुरम-एक व दो, अक्षय एंक्लेव, कृष्ण एंक्लेव, रतन एंक्लेव, बालाजी एंक्लेव, कृष्ण गार्डन, राधा गार्डन, गोविंद विहार, गणेश वाटिका, सुधा सरोवर, न्यू फ्रैंड्स कालोनी, राधे एंक्लेव, न्यू शताब्दीपुरम, केशव कुंज सहित अन्य कालोनियों शामिल हैं। जोन-चार में गंगापुरम, विष्णु एंक्लेव, पांडव नगर, शिवपुरी, शंकरपुरी, पंचवटी एक्सटेंशन, न्यू कोटगांव, महेंद्र एंक्लेव, राहुल विहार, रोजी कालोनी, माता कालोनी, चौ. चरण सिंह कालोनी, श्याम विहार सहित अन्य कालोनी शामिल हैं। जोन-पांच में किशन विहार, सेन विहार, शांति विहार, ओम विहार, सुदामापुरी, भीमनगर, बुद्धविहार, नसबंदी कालोनी, राहुल विहार, बागू कालेानी सहित अन्य शामिल हैं। जोन-छह में हिंडन नदी व बंधा रोड के बीच अर्थला गांव व कनावनी का डूब क्षेत्र शामिल है। जोन-सात में शहीदनगर प्यारेलाल कालोनी, इंदा कालोनी, ओमनगर, सत्यम व गिरधर एंक्लेव सहित अन्य शामिल हैं। प्रवर्तन जोन आठ में सबसे ज्यादा न्यू करहेड़ा कालोनी, शमशाद गार्डन, लक्ष्मण गार्डन, मास्टर कालोनी, अलीप्रेस गार्डन, रघुवीर एंक्लेव, गरिमा गार्डन, न्यू डिफेंस कालोनी सहित अन्य शामिल हैं। प्रवर्तन जोन-दो में मोदीनगर व मुरादनगर में अवैध प्लॉटिंग करने वालों के नाम शामिल हैं।
----
इस बारे में करें जानकारी
- भूखंड खरीदते वक्त उसके भू-उपयोग जांच लें
- संपत्ति के दस्तावेज को गहनता से जांच लें
- प्राधिकरण कालोनी में भूखंड पर स्वीकृत यूनिट जांच लें
- संपत्ति पर कोई कानूनी विवाद तो नहीं, कर लें पड़ताल
- संपत्ति खरीद से उक्त जानकारी जीडीए के संबंधित खंड में जाकर कर सकते हैं
कोट...
जागरूक करने व अवैध निर्माण में लगे लोगों के चंगुल से बचाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। पहले अवैध 321 कॉलोनियों की सूची वेबसाइट व अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर डाली जाएगी। जीडीए की कालोनियों में बिल्डिंग बायलॉज व एकल यूनिट के मानक संबंधी नए बोर्ड लगाए जाएंगे। -- संतोष कुमार राय, सचिव, जीडीए
----