स्वास्थ्य मंत्री को एक बेड पर मिले दो मरीज
गाजियाबाद। स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण किया। मंत्री को इमरजेंसी में एक बेड पर दो-दो मरीज भर्ती मिले। उन्होंने इस पर नाराजगी जताई। इमरजेंसी में बेड बढ़ाने के निर्देश दिए। मंत्री ने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
मंगलवार को निरीक्षण के दौरान तीमारदार ने पंखा न चलने की शिकायत की। मंत्री ने अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनुराग भार्गव को पंखा बदलवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार को जल्दी ही डॉक्टरों की कमी को पूरा करने का निर्देश दिया। अतुल गर्ग ने कहा कि वह जनता के प्रतिनिधि हैं, यदि किसी को किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो वह तुरंत उनसे संपर्क करें। सीएमएस डॉ. अनुराग ने बताया कि हर मरीज को ओपीडी के बाद अस्पताल से ही दवाई मिल रही है। अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीजी, पैथोलॉजी लैब की सुविधा निशुल्क दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि एमएमजी में प्रत्येक दिन लगभग 6 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, हालांकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या लगभग तीन हजार होती है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संतराम, मीडिया प्रभारी नीरज गोयल उपस्थित रहे।