स्कूटी सवार युवती ने जैसे ही जेब से निकाला फोन, हो गया बड़ा हादसा
गाजियाबाद। शुक्रवार को गाजियाबाद में दो स्कूटी सवार बहनें एक बस की चपेट में आ गईं और एक बहन की जान चली गई। ये हादसा उस दौरान हुआ, जब युवती अपनी पॉकेट से फोन निकाल रही थी।
चिपियाना निवासी श्रीकृष्ण श्रीवास्तव पांच बेटियों के पिता हैं। बड़ी बेटियां रीना (22) व आकांक्षा (19) गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर नौकरी करती हैं। चचेरे भाई आकाश व अग्रज के मुताबिक रीना व आकांक्षा शुक्रवार को स्कूटी से गाजियाबाद ड्यूटी जाने के लिए निकलीं। रीना को दुहाई स्थित एक मेडिकल ट्रस्ट में जाना था, जबकि आकांक्षा को कविनगर स्थित मदर डेयरी में ड्यूटी पर जाना था। लेकिन कविनगर क्षेत्र में बुलंदशहर रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क के पास पहुंचते ही स्कूटी गाजियाबाद की तरफ से आ रही बस की चपेट में आ गई। बस के अगले पहिये के नीचे आने से आकांक्षा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी तरफ गिरी रीना भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
एसएचओ कविनगर अनिल कुमार शाही ने बताया कि स्कूटी को आकांक्षा चला रही थी, जबकि रीना पीछे बैठी थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क के मोड़ के पास आकांक्षा के मोबाइल पर कॉल आई। आकांक्षा ड्राइविंग करते-करते जेब से मोबाइल निकालने लगी, इसी दौरान स्कूटी मोड़ पार कर बस की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सब कुछ चंद पलों में हुआ, जिसके चलते बस चालक व स्कूटी सवार बहनों को बचाव का मौका ही नहीं मिल सका। हादसे में युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौकेपर जा पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इसीलिए यदि आप भी कभी ऐसा करते हैं तो जो लोग आपसे प्यार करते हैं, उनके बारे में एक बार जरूर सोचें और अब से ड्राइविंग के समय फोन सुनने, फोन करने या गाना सुनने से तौबा कर लें।