फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद: पति और बेटे को फंसाने के लिए महिला ने खुद पर चलवाई थी गोली, पत्नी-प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

Fri, 10 Sep 2021 12:39 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

सार

महिला का पति नशे का आदि है और उसका नशा छुड़वाने के लिए वह पति को नशामुक्ति केंद्र ले गई थी जहां उसकी मुलाकात विजय से हुई और दोनों के संबंध हो गए...
विज्ञापन
महिला का प्रेमी और प्रेमी का दोस्त गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में साहिबाबाद मंडी के सामने सात सितंबर को सुबह टेंपो से उतरने के दौरान महिला को गोली लगने के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। महिला ने पति और बेटे को फंसाने के लिए खुद पर गोली चलवाई थी। पुलिस ने महिला, उसके जानकार नशा मुक्ति केंद्र संचालक और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि फरार शूटर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्कूटी और तमंचा बरामद किया है।

विज्ञापन


सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सात सितंबर को सुबह सात बजे बेबी चौधरी निवासी त्यागी मार्केट नंदग्राम को टेंपो से उतरने के दौरान गोली मार दी गई थी। महिला की ओर से पति और बेटे पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंदिरापुरम पुलिस ने सर्विलांस की मदद से जांच की और महिला से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी घटना का खुलासा हो गया।

महिला ने पति राजीव और बेटे उत्तम चौधरी को फंसाकर जेल भिजवाने के लिए व अपनी करीब ढाई करोड़ की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए जानकार नशा मुक्ति केंद्र संचालक विजय बैसला निवासी सर्वोदय नगर थाना विजयनगर और उसके दोस्त सुनील कुमार निवासी सेक्टर नौ विजयनगर के साथ मिलकर योजना बनाकर खुद पर गोली चलवाई थी। मौके पर नशा मुक्ति केंद्र संचालक के दोस्त सुनील ने बनाई गई योजना के तहत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया था।
विज्ञापन


सीओ ने बताया कि महिला बेबी चौधरी, विजय बैसला और सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुनील ने खून से सनी पैंट को बेबी को अटलांटा अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अस्पताल के पीछे फेंक दिया था। पुलिस ने एक तमंचा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और खून से सनी पैंट बरामद कर ली है।

विज्ञापन

50 हजार रुपये में हायर किया था शूटर

एसएचओ इंदिरापुरम संजय पांडेय ने बताया कि विजयनगर में विजय बैसला का नशा मुक्ति केंद्र है। बेबी का पति शराब पीने का आदी था। जनवरी में लत छुटवाने के लिए विजयनगर स्थित विजय के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। जहां उसकी मुलाकात विजय से हुई थी। इसके बाद से उनके संबंध हो गए थे। विजय ने पड़ोस में किराए पर रहने वाले कपिल को 50 हजार रुपये में घटना को अंजाम देने के लिए हायर किया था। इसके लिए 20 हजार रुपये एडवांस भी दे दिए थे। एसएचओ ने बताया कि आरोपी शूटर की तलाश की जा रही है।

क्या है मामला
नंदग्राम निवासी महिला बेबी चौधरी की साहिबाबाद मंडी में दुकान है और वह सात सितंबर को सुबह टेंपो में बैठकर साहिबाबाद सब्जी के सामने उतर रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर आए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। गोली उनके कंधे में लगी थी। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला ने पति और बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया था कि फरवरी में बेटे उत्तम की ओर से मां बेबी चौधरी, विजय समेत तीन के खिलाफ जानलेवा हमला की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस विवाद के बिंदु पर ही जांच कर रही थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें