कांग्रेस नेत्री डॉली शर्मा को पाकिस्तान से ट्वीटर पर मिली धमकी
साहिबाबाद। कांग्रेस की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और प्रदेश प्रवक्ता डॉली शर्मा को पाकिस्तान के से ट्वीटर पर जान से मारने की धमकी मिली है। शुक्रवार रात दस बजे राव कासिफ तहसीन नाम की आईडी से उन्हें एके-47 से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने अपनी आईडी पर पाक के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की फोटो लगाई हुई है। डॉली शर्मा ने एसएसपी, डीएम, साइबर सेल और लिंक रोड थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कांग्रेस नेत्री डॉली शर्मा ने बताया कि छह जुलाई को उनके पिता पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज के घर पर दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता गिरीश के सरोवा उनसे मिलने के लिए आए थे। उस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इसी तस्वीर पर राव तहसीन काशिफ आईडी से युवक ने कांग्रेस नेत्री के लिए अभद्रता का इस्तेमाल कर उन्हें एके-47 से मारने की धमकी दी। हालांकि यह धमकी किस वजह से दी गई है अभी इसके बारे में स्पष्ट नहीं हो पाया है। कांग्रेस नेत्री ने बताया कि उन्होंने पाकिस्तान या विशेष धर्म के प्रति कोई टिप्पणी नहीं की थी, बावजूद इसके धमकी मिलना चिंता का कारण है। डॉली शर्मा ने मामले की सूचना पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी और लिंक रोड थाने की पुलिस को फोन कर जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि साइबर सेल टीम राव कासिफ तहसीन आईडी को हर एंगल से जांच कर रही है। सुरक्षा की दृष्टि से लगातार नजर रखी जा रही है।