बुजुर्ग को बंधक बनाकर घर से लूटे 70 हजार और गहने
-वसुंधरा सेक्टर-15 में दिनदहाड़े हुई घटना, पत्नी गई थीं डयूटी करने
-दो बार किराए की बात करने के बहाने हुई रेकी, फुटेज में कैद हुए बदमाश
माई सिटी रिपोर्टर
वसुंधरा। सेक्टर-15 में दो बदमाशों ने सोमवार शाम बुजुर्ग ललित जोशी को बंधक बनाकर घर से 70 हजार की नकदी और गहने लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद खुद को किसी तरह बंधन मुक्त कर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बदमाशों ने किराए के बहाने दो बार घर की रेकी की थी। इंदिरापुरम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एलआईसी से सेवानिवृत ललित जोशी की पत्नी शशि जोशी दिल्ली के विद्युत विभाग में एएफओ के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर चली गईं, जबकि ललित घर पर अकेले थे। अपने मकान के कमरों को वह किराए पर देना चाहते थे। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2:15 पर बदमाश कमरा देखने आए थे। काफी देर तक बातचीत के दौरान दोनों ने पानी मांगा। जैसे ही वह रसोई में पानी लेकर लौटे अचानक बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू रखकर टेप से बंधक बना लिया। हाथ और मुंह बंधे होने की वजह से वह विरोध नहीं कर पाए।
दो बार आए थे घर पर कमरा देखने
वारदात के लिए बदमाशों ने पहले ही योजना तैयार की थी। पिछले सप्ताह एक बदमाश कमरा देखने पहुंचा था। बातचीत कर उसने भाई को साथ लाकर दोबारा कमरा दिखाने की बात कही। दूसरी बार फिर अकेला आया और किराया पूछकर चला गया। सोमवार को वह तीसरी बार दूसरे बदमाश के साथ पहुंचा, वहां बुजुर्ग से अपना भाई बताकर ग्राउंड तल का मकान देखने लगे। फिलहाल वारदात के बाद दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। एसओजी और सर्विलांस टीम ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि बुजुर्ग दंपती से बातचीत कर बदमाशों का हुलिया पता किया गया है। घर से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। कई जगहों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है जल्द ही बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।