ज्ञानखंड में दो कारों के शीशे तोड़कर ईसीएम सहित जरूरी सामान चोरी
इंदिरापुरम। ज्ञानखंड-एक में चोरों ने आईटी कंपनी के इंजीनियर समेत दो लोगों की गाड़ियों के शीशे तोड़कर 80 हजार कीमत के ईसीएम चोरी कर लिए। गाड़ी के अलार्म बजने पर वाहन स्वामी को चोरी का शक हुआ। घर से बाहर आने पर दोनों लोगों को चोरी का पता चला। आरोप है इंदिरापुरम पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज कराने के नाम पर कई दिन तक घुमाया फिर लिखित शिकायत देने पर चोरी की रिपोर्ट लिखी।
प्रशांत शर्मा गुड़गांव की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके पड़ोस में गौरव गोस्वामी एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने अपनी आई-10 कार घर के बाहर खड़ी की थी। 26 मई की रात भी गाड़ी घर के सामने खड़ी थी। सुबह चार बजे अचानक गाड़ी का अलार्म बजने पर वह नींद से उठ गए। बाहर आकर देखा तो गाड़ी का शीशा टूटा था और चोरों ने बोनट खोलकर ईसीएम चोरी कर ली। सुबह में चोरी का पता चला तो पड़ोसी गौरव ने भी गाड़ी चेक की। उनकी भी गाड़ी का शीशा तोड़कर चोरों ने ईसीएम सिस्टम के अलावा कुछ अन्य एसेसरीज चोरी कर ली थी। आरोप है कि पुलिस ने ई-एफआईआर करने के नाम पर उन्हें कई दिन तक चक्कर कटाए। जब ऑनलाइन शिकायत दर्ज नहीं हुई तो परेशान होकर प्रशांत शर्मा ने थाने में लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश कराई जा रही है।