ऑनलाइन वेबसाइट से दोस्ती कर शादीशुदा ने किया रोका, ऐंठे एक लाख रुपए
कौशांबी। थाना क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर ऑनलाइन वेबसाइट से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर रोका करने का आरोप लगाया है जबकि युवक पहले से ही शादीशुदा है। युवक के युवती से संपर्क तोड़ने पर शादीशुदा होने का पता चला। युवती ने उसके खिलाफ कौशांबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती ने मोदीनगर निवासी युवक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब दो साल पहले ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से आरोपी से संपर्क हुआ था। पहचान बढ़ने पर दोनों के बीच बात होनी शुरू हो गईं। युवक ने खुद की अमेरिका में जॉब का हवाला दिया था। उसके बाद रोका में एक लाख रुपये भी ले लिए। जून में दोबारा वापस देश आने पर शादी करने की बात कही थी लेकिन युवक ने बात करना बंद कर दिया। एक दो बार बीच में संपर्क होने पर युवक ने बताया कि परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं हैं जबकि जून में शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।
युवती के खोजबीन करने पर पता चला कि युवक पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। वह हल्द्वानी की बजाय मोदीनगर का रहने वाला है। कौशांबी थाना प्रभारी सचिन मलिक ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।