ड्यूटी पर गए युवक की हत्या कर शव खेतों में फेंका
इंदिरापुरम। विजयनगर के शिवपुरी निवासी एक निजी कंपनी के कर्मी अंकुर पाल (27) की हत्या के बाद शव कनावनी के खेत में फेंक दिया। शुक्रवार शाम इंदिरापुरम पुलिस ने सूचना मिलने पर शव बरामद कर मोबाइल से उसकी पहचान की। वह सुबह घर से बाइक लेकर ड्यूटी पर निकला था।
शिवपुरी निवासी तेजपाल ने बताया कि उनका छोटा भाई अंकुर नोएडा की एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी में काम करता था। उसकी वर्ष 2021 में पारुल नाम की युवती से शादी हुई थी। पिता प्रेम सिंह दिल्ली एमसीडी में तैनात हैं। शुक्रवार सुबह वह घर से मोटरसाइकिल लेकर कंपनी गया था। क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि कनावनी पुस्ता रोड पर नाले के पास अज्ञात युवक का शव शाम करीब पांच बजे खून से लथपथ पड़ा मिला था। तलाशी लेने पर उसकी जेब से मोबाइल मिला था। मोबाइल से उसकी शिनाख्त शिवपुरी निवासी अंकुरपाल के रूप में हुई। पुलिस ने पिता प्रेम सिंह को फोन कर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने भाई तेजपाल से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी।
गला रेत दिया था
पुलिस को प्रारंभिक जांच में गले पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। पूरा शरीर अकड़ा हुआ था, आंख, सीना और मुंह खून से सने थे जबकि हाथ में घिसटने जैसे निशान थे। ऐसे में माना जा रहा है कि युवक की गला रेतकर हत्या के बाद उसे खेतों में फेंकने के लिए घसीटा गया है।
फोन पर था कंपनी का मेसेज, नोएडा में मिली बाइक
जांच में यह भी सामने आया है कि युवक के मोबाइल पर कंपनी से एक महिला पदाधिकारी का मेसेज आया था, जिसमें अंकुर के ऑफिस न आने के बारे में पूछा गया था। इसके अलावा उसकी जेब से वाहन की चाबी पुलिस को मिली। पुलिस ने मोबाइल पर अंकुर की अंगुली लगाकर उसका लॉक खोला, उसके बाद उसकी शिनाख्त हो सकी। सीओ का कहना है कि युवक की बाइक नोएडा में खड़ी है, उसे बरामद करने के लिए टीम वहां पहुंची।
परिजनों को अभी नहीं किसी पर शक
तेजपाल का कहना है कि उनका और अंकुर का परिवार एक साथ रहता है जबकि पिता प्रेम सिंह दिल्ली में रहते हैं। अंकुर का किसी से कोई विवाद था और न कभी झगड़ा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि अंकुर ने दिल्ली के हर्ष विहार निवासी बहन के पते पर अपना आधार कार्ड बनवाया था। ऐसे में इंदिरापुरम पुलिस ने आधार कार्ड बरामद कर उसके दिल्ली पते पर संपर्क किया था।