बीमा एजेंट बनाने और किश्त जमा कराने के नाम पर दो लोगों से ठगी
इंदिरापुरम। शातिर ठगों ने अभयखंड में एक बुजुर्ग को बीमा कंपनी में पॉलिसी होल्डर्स से संपर्क कर 15 लाख रुपये कमाने का झांसा देकर 1.82 लाख रुपये और वसुंधरा में छात्र को स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की किस्त जमा कराने के नाम पर 14 हजार रुपये की ठगी कर ली। दोनों ने इंदिरापुरम थाने में साइबर सेल की मदद से ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वरदान अपार्टमेंट निवासी ए. वेंकटा नारायन ने बताया कि 27 अप्रैल 2021 को उनके पास शातिर की कॉल आई, जिसमें उन्हें गाजियाबाद-नोएडा में बीमा कंपनी के पॉलिसी होल्डर्स से संपर्क कर उनसे 15 लाख रुपये तक कमाने का झांसा दिया। इसकी एवज में शातिरों ने उनसे करीब दो लाख रुपये की रकम जमा करने के लिए कहा। पूरा पैसा जमा करने के बाद शातिर ने उन्हें कुछ दिन बाद लीड्स देने के लिए कहा। आरोप है कि एक महीना बीतने के बाद भी जब उन्हें लीड्स नहीं मिली तो शातिर से फोन पर सम्पर्क किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला। दो माह तक वह कंपनी से फोन आने का इंतजार करते रहे। वहीं, वसुंधरा की शिखर एंक्लेव में शातिरों ने छात्र सुधांशु से स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी की किश्त जमा कराने के नाम पर 14 हजार रुपये की ठगी कर ली। छात्र का कहना है कि 16 अप्रैल को मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आई थी। ठग ने बीमा पॉलिसी की किश्त जमा कराने का झांसा दिया। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन गलत होने ठग ने लिंक भेजकर उसका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैंक खाते से चार बार में 14,324 रुपये की ठगी कर ली। इंदिरापुरम क्षेत्राधिकारी अभय कुमार मिश्रा का कहना है कि ठगी के दोनों मामलों में जांच की जा रही है। ठग का काफी हद तक सुराग मिला है, जल्द उन्हें पकड़कर पूछताछ की जाएगी।