तीसरी मंजिल से नीचे गिरने से महिला की मौत
खोड़ा। सुभाष पार्क में शनिवार दोपहर प्रीति (24) की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। छत पर कपड़ा सुखाने के दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया, इस दौरान पैर फिसलने से वह नीचे आ गिरी। सिर और मुंह पर ज्यादा चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
मूलरूप से हाथरस निवासी विजेंद्र पत्नी प्रीति और तीन वर्षीय बेटे के साथ रहता है। वह गाड़ी चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। वह दिल्ली निवासी एक युवक के मकान में पिछले एक वर्ष से किराए पर रहता है। शनिवार सुबह वह ड्यूटी पर चला गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रीति कपड़े सुखाने के लिए तीसरी मंजिल स्थित छत पर गई थी। वह छत की ग्रिल से टकराने के बाद नीचे सड़क पर गिर गई। हादसे की सूचना पाकर परिवार और रिश्तेदार सभी इकट्ठा हो गए। खोड़ा थाना प्रभारी ब्रिजेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।