हिंडन नहर में कूदी युवती, बचाने में युवक की भी डूबकर मौत
इंदिरापुरम। हिंडन नहर में कनावनी गांव के निवासी युवक-युवती की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने करीब 22 घंटे बाद दोनों के शव घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर बरामद किए। सोमवार को युवक का जन्मदिन था। घटना के बाद दोनों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। कई घंटे तक पानी में दोनों के शव होने से गल चुके थे।
पुलिस का कहना है कि रविवार रात करीब साढ़े 8:30 बजे युवक युवती दोनों हिंडन नहर के पास खड़े होकर बात कर रहे थे। इस बीच अचानक युवती ने हिंडन में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए युवक भी नहर में कूद गया। मगर पानी का बहाव तेज होने से दोनों संतुलन नहीं बना सके और नहर में डूब गए। राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत इंदिरापुरम पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों को तलाशने का काम शुरू कर दिया। निजी गोताखोरों को रात करीब एक बजे तक भी कुछ पता नहीं चला। हालांकि पुलिस ने काफी अंधेरा होने की वजह से पूरी सावधानी के साथ अभियान जारी रखा। एनडीआरएएफ टीम को मामले की सूचना दी गई। सुबह करीब सात बजे कमला नेहरू नगर से आठवीं बटालियन की डीप डाइविंग टीम ने तलाशी का अभियान शुरू किया। लेकिन पानी का बहाव तेज होने की वजह से अभियान में दिक्कत आ रही थी। इसके लिए पुलिस ने प्रशासन की मदद से नहर में पानी बंद कराकर स्तर कम कराया। एनडीआरएफ टीम को शाम करीब 4:30 बजे अमित का शव घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर जबकि युवती का व डेढ़ किलोमीटर दूर मिला। युवक की पहचान कनावनी निवासी अमित (22) के रूप में हुई। वह परिवार के साथ झुग्गी-झोपड़ी में रहता था। वह कार चलाकर परिवार का गुजारा करता था। उधर, पुलिस को घटनास्थल के पास से दोनों के मोबाइल नंबर व अमित की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वजह की पुलिस कर रही जांच
पुलिस की जांच में सामने आया है कि 21 मार्च को अमित का जन्मदिन था। दोनों एक साथ मिलने के लिए कनावनी नहर के पास आए थे। लेकिन किसी बात से नाराजगी के बाद युवती ने नहर में छलांग लगा दी। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि युवक-युवती के शव को एनडीआरएफ टीम ने 22 घंटे के तलाशी अभियान में बरामद कर लिया है। युवती के नहर में कूदने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। अभी तक मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।