महिला से सोसायटी के गेट पर लूटी चेन, लुटेरे के हमले में पड़ोसी घायल
इंदिरापुरम। अहिंसा खंड-2 में संवाद विहार सोसायटी के मेन गेट पर बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा के पास खड़ी अरुणा श्रीवास्तव से सोने की चेन लूट ली। एक पड़ोसी ने उनका पीछा करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन पर हमला कर घायल कर दिया।
संवाद विहार सोसायटी में अरुणा श्रीवास्तव परिवार के साथ रहती हैं, वह सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाकर वीडियो से लोगों को जागरूक करती हैं। दोपहर करीब 12 बजे वह बाजार से रिक्शे में सवार होकर घर की तरफ आ रही थीं। सोसायटी के गेट पर पहुंचकर जैसे ही वह चालक को पैसे दे रही थीं, तभी पीछे से लाल रंग की बाइक पर दो बदमाश आए। एक बदमाश ने सफेद रंग की शर्ट पहनी थी, दूसरे ने हेलमेट नहीं लगाया था। बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। इस बीच अरुणा के गले में हल्की चोट भी लग गई। उन्होंने शोर मचाया तो बदमाशों का पीछा करने के लिए पड़ोसी पंकज भी दौड़ पड़े, लेकिन पीछे बैठे बदमाश ने उनके मुंह पर मुक्का मारकर उन्हें घायल कर दिया। इससे उनकी नाक से खून निकलने लगा। लूट के दौरान चेन में लगा पैंडेंट जमीन पर गिर गया। महिला से सरेआम चेन लूट और पड़ोसी को घायल करने की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने इंदिरापुरम पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पॉश इलाके में घटना से लोगों में डर
अहिंसाखंड में कई हाई राइज सोसायटियां हैं, जिनमें कई बड़े उद्योगपति व नेताओं का भी आशियाना है। दिनदहाड़े पॉश इलाके में हुई इस वारदात से पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। इतना ही नहीं, कनावनी चौकी क्षेत्र में घटनास्थल से शिप्रा चौकी करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर है। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान की जा रही है।