यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें, दूसरे चरण में जाएंगी 150 बसें
साहिबाबाद। पहले चरण के मतदान के बाद यात्रियों को बसों में सफर करना और भी मुश्किल हो जाएगा। शुक्रवार को दूसरे चरण के लिए रोडवेज के बेड़े से 150 बसें चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना हो जाएंगी। जिससे सड़कों पर बसों का संचालन कम हो जाएगा। इसके बाद यात्रियों के सफर का जिम्मा अनुबंधित बसों पर होगा। अधिकारियों ने लंबे रूटों को लगभग बंद कर बुलंदशहर, मेरठ, हापुड़, सिकंदराबाद समेत अन्य छोटे रूटों पर फेरे बढ़ाने की तैयारी की है। वहीं, चालक और परिचालकों को तीन-तीन फेरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज के रीजनल मैनेजर एके सिंह का कहना है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए रोडवेज ने 200 बसों को रिजर्व किया हुआ था। मगर अब 150 बसें देने के लिए कहा गया है। इससे सड़कों पर बसों की संख्या बहुत कम हो जाएगी। पिछले कई दिनों से लोगों को बसों में सफर करने के लिए मशक्कत करने पड़ रही थी। मोहन नगर चौराहे पर लोगों को करीब 40 मिनट इंतजार करने के बाद बसें मिल रही थीं।
बृहस्पतिवार को कैराना, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत और अन्य जगहों के लिए लोगों को बसें नहीं मिल रही थी। अर्थला मेट्रो स्टेशन के पास बस के इंतजार में खड़ी रेनू का कहना था कि उन्हें बेहद जरूरी काम से मेरठ जाना था। डेढ़ घंटे में चार बसें निकलीं, मगर उसमें जगह नहीं मिल सकी। इसके अलावा साहिबाबाद और मोहन नगर डिपो पर भी यही हाल रहा। हालांकि, अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों की भीड़ सामान्य रही। मगर बसों की संख्या कम होने से उन्हें देर तक इंतजार करना पड़ रहा था।